देश

PM मोदी के जन्मदिन पर बंगाल की महिलाओं को बड़ी सौगात, 'अन्नपूर्णा योजना' के तहत सीधे खाते में आएंगे 3000 रुपये

Annapurna Yojana: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पश्चिम बंगाल में आयोजित 'अन्नपूर्णा दिवस' कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की पात्र महिलाओं को 3,000 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता देने वाली 'अन्नपूर्णा योजना' की सराहना की और इसे महिलाओं के सशक्तीकरण का माध्यम बताया।

Image

PM मोदी के जन्मदिन पर महिलाओं को मिला तोहफा (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Annapurna Yojana: पश्चिम बंगाल में महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित 'अन्नपूर्णा दिवस' (Annapurna Diwas) कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Modi Annapurna Scheme) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि माताओं, बहनों और बेटियों के जीवन की हर समस्या का समाधान करना सरकार की पहली प्राथमिकता रही है। उन्होंने साफ किया कि राज्य की एक भी पात्र महिला 'अन्नपूर्णा योजना' के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि योजना के शुरू होने के बाद से अब तक किसी बिचौलिए या 'कट मनी' के बिना सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में वित्तीय सहायता पहुंचाई जा रही है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की तय राशि दी जाती है, जिससे उन्हें अपने छोटे-बड़े खर्चों के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। पीएम मोदी ने बताया कि लगभग 1.5 करोड़ बहनों के खातों में योजना की चौथी किस्त सफलतापूर्वक भेजी जा चुकी है।

1.58 करोड़ लाभार्थियों में से अधिकांश के खातों में पैसे ट्रांसफर

कोलकाता के पास साल्ट लेक में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में महिला खेल जगत की हस्तियों जैसे पौलोमी घटक, इंदु पुरी और ज्योतिर्मयी सिकदर ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की गई कि प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी और उनके प्रयासों के सम्मान में हर साल 17 सितंबर को राज्य में 'अन्नपूर्णा दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर बताया गया कि सितंबर महीने की किस्त के तहत 1.58 करोड़ लाभार्थियों में से अधिकांश के खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 50 लाख नए लाभार्थियों की सूची भी हो रही तैयार

साथ ही, राज्य में 'प्रधानमंत्री आवास योजना' (PM Awas Yojana) के तहत 50 लाख नए लाभार्थियों की सूची भी तैयार की जा रही है। कार्यक्रम में सामाजिक सुधारों पर जोर देते हुए यह संदेश भी दिया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र की लड़कियों के बाल विवाह को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह योजना बंगाल की महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें समाज में आगे बढ़ाने का एक बड़ा जरिया बन रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article