IGI Airport Emergency Landing: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर आज शनिवार सुबह एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में तकनीकी खराबी की सूचना के बाद 10:53 मिनट पर रनवे-28 पर इसकी सुरक्षित लैंडिंग हुई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के अनुसार, विमान लैंड कर चुका है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
दिल्ली पुलिस और अग्निशमन सेवा (DFS) से मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो की यह फ्लाइट आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से उड़ान भरकर दिल्ली आ रही थी। सफर के दौरान विमान के इंजन में खराबी (Engine Failure-like situation) महसूस की गई। इसके तुरंत बाद पायलट ने दिल्ली एटीसी (ATC) से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। दिल्ली फायर सर्विस को सुबह 10:53 बजे आपातकालीन लैंडिंग की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत दमकल की कई गाड़ियां रनवे की ओर रवाना कर दी गईं।
सुरक्षित लैंडिंग और यात्रियों की स्थिति
विमान को रनवे संख्या 28 पर सुरक्षित रूप से उतारा गया। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की है कि विमान की लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित रही और किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को चोट नहीं आई है। लैंडिंग के बाद यात्रियों को टर्मिनल पर ले जाया गया, जहाँ एयरलाइन कर्मचारियों ने उनकी मदद की। फिलहाल विमान को तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) इस गंभीर तकनीकी खराबी और इंजन फेल होने की स्थिति की विस्तृत जांच कर सकता है।
कोलकाता एयरपोर्ट पर भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
बता दें कि इससे पहले 4 फरवरी को तुर्किश एयरलाइंस की एक फ्लाइट कोलकाता एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारी गई थी। पायलट ने एटीसी को सूचित किया कि विमान के दाहिने इंजन में आग लग गई है। तुरंत कार्रवाई करते हुए विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में कुल 236 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे।
