देश

नाबालिग खिलाड़ी से कथित दुष्कर्म! कजाकिस्तान के कोच पर POCSO में FIR, तलाश में पटियाला पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय

नाबालिग खिलाड़ी से कथित दुष्कर्म मामले में पटियाला पुलिस की जांच जारी है,18 सितंबर को मामला रिपोर्ट होने के बाद तुरंत FIR दर्ज, आरोपी कजाकिस्तान के कोच की तलाश में विशेष टीमें सक्रिय हैं।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

नाबालिग खिलाड़ी से कथित दुष्कर्म के मामले में पटियाला पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एसपी सिटी मोहित अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को यह मामला 18 सितंबर को रिपोर्ट हुआ था। नाबालिग खिलाड़ी की ओर से दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज कर जांच शुरू की।

एसपी सिटी के मुताबिक, शिकायत में घटना 13 सितंबर की बताई गई है। संबंधित अधिकारियों की ओर से पुलिस को सूचना मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीमों को तत्काल कार्रवाई के लिए भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी कोच कजाकिस्तान का रहने वाला है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी दिल्ली में किसी कैंप में मौजूद है। इसके बाद पटियाला पुलिस की टीमें दिल्ली रवाना हुईं और वहां संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया गया। हालांकि आरोपी वहां मौजूद नहीं मिला, लेकिन पुलिस को उसका पासपोर्ट बरामद हो गया, जो फिलहाल पुलिस के कब्जे में है।

मामले की जांच के लिए कई विशेष टीमें लगाई गई हैं

एसपी सिटी ने बताया कि मामले की जांच के लिए कई विशेष टीमें लगाई गई हैं और आरोपी की तलाश लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि जांच के किसी भी पहलू को छोड़ा नहीं जाएगा। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपी कोच ने संबंधित परिसर में एक दिन के लिए कमरा लिया था। उस परिसर में खिलाड़ी भी रहते हैं। आरोपी वहां किस उद्देश्य से आया था और उस दिन की पूरी गतिविधियां क्या थीं, इसका पता विस्तृत जांच के बाद चलेगा।

POCSO Act के तहत मामला दर्ज

एसपी सिटी ने बताया कि मामले में BNS की धारा 64(2), BNS की धारा 351(3) और POCSO Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जांच में आरोपी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आई है। अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। मामले की रिपोर्टिंग में देरी को लेकर एसपी सिटी ने कहा कि संवेदनशील घटनाओं में कई बार पीड़ित तुरंत सामने नहीं आ पाता। उन्होंने कहा कि जब नाबालिग ने उचित समय पर पुलिस के सामने आकर जानकारी दी, तो पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। संबंधित अधिकारियों ने भी पुलिस के साथ तत्काल समन्वय किया, जिसके चलते दिल्ली में भी पुलिस को सहयोग मिला और आरोपी का पासपोर्ट बरामद किया जा सका।

'नाबालिग की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी'

एसपी सिटी ने कहा कि नाबालिग की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने मीडिया और आम लोगों से अपील की कि नाबालिग की पहचान उजागर न करें और मामले की जानकारी जुटाने के नाम पर परिवार या बच्ची को परेशान न किया जाए।उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें काम कर रही हैं। आम लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति के पास आरोपी के संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी है, तो वह तुरंत पटियाला पुलिस के साथ साझा करे। एसपी सिटी ने बताया कि नाबालिग से संबंधित मेडिकल प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट की प्रक्रिया जारी है। मामले की जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article