अपने दो दिवसीय अयोध्या दौरे के दूसरे दिन रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुबह-सुबह हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु श्री रामलला के दर्शन-पूजन कर पूरे उत्तर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन-पूजन के बाद सीएम योगी रामघाट हाल्ट के पास स्थित निषाद बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने स्वच्छता से जुड़े कर्मियों के साथ दीवाली की खुशियां बांटी और उन्हें दीपोत्सव की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री बेहद सहज अंदाज में नजर आए और उन्होंने स्थानीय लोगों व बच्चों के साथ सेल्फी भी ली। इसके बाद वे अशोक सिंघल वार्ड, दिगंबर अखाड़ा, बड़ा भक्तमाल और मणिराम दास छावनी पहुंचे, जहां उन्होंने पूज्य संतों से आशीर्वाद लिया।
"एक समय था जब राम भक्तों पर गोलियां चलाई गईं"
अयोध्या में दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अतीत के दिनों को याद करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि एक समय था जब अयोध्या में 'जय श्री राम' बोलने पर रोक थी। भगवान श्री राम के भक्तों पर लाठियां बरसाई गईं और गोलियां चलाई गईं। यहां तक कि धार्मिक परिक्रमाओं पर भी बैन लगा दिया गया था। लेकिन आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि यहां आने वाले हर राम भक्त का भव्य स्वागत किया जाता है। लाखों श्रद्धालुओं ने बिना किसी भय के दीपोत्सव में भाग लिया। अब परिक्रमा को कोई रोकता नहीं, बल्कि उसे बढ़ावा और प्रोत्साहन दिया जाता है। उन्होंने आगे कहा कि आज की नई अयोध्या में अब गुलामी की मानसिकता या गुलामी के चिह्न नहीं हैं, बल्कि यह सब राम भक्तों और प्रभु श्री राम की असीम कृपा का प्रतिफल है।
दीपोत्सव के 10वें संस्करण में बने रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्री राम के 14 वर्षों के वनवास के बाद अयोध्या आगमन की स्मृति में शुरू हुए दीपोत्सव का यह 10वां संस्करण था, जिसमें रिकॉर्ड संख्या में दीये जलाए गए। सीएम योगी ने कहा कि आज की नई अयोध्या वास्तव में त्रेता युग का स्मरण कराती है और यहां आने वाला हर श्रद्धालु गौरव की अनुभूति करता है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या आस्था और अर्थव्यवस्था का एक ऐसा अद्भुत संगम बन चुकी है, जहां किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होता और हर नागरिक सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहा है।
निषाद समुदाय का ऐतिहासिक योगदान और सफाई मित्रों का आभार
दीपावली मिलन कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने निषाद समुदाय के योगदान की जमकर सराहना की। सीएम योगी ने कहा कि निषाद समाज का अयोध्या नगरी और प्रभु राम के प्रति स्नेह ऐतिहासिक है। लाखों लोगों के जुटने के बावजूद शहर को स्वच्छ रखने में निषाद समुदाय और स्वच्छता कर्मियों की भूमिका की तारीफ करते हुए सीएम ने कहा कि बिना आपके सहयोग के इतना भव्य आयोजन सफल नहीं हो सकता था।
गोरखपुर में 82 करोड़ से अधिक की सौगात
अयोध्या के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि विकास का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही दीवाली की असली सार्थकता है। इसी 'अंत्योदय' भाव के साथ सीएम योगी गोरखपुर के जंगल तिनकोनिया स्थित वनटांगिया समाज के बीच पहुंचेंगे, जहां वे ₹82 करोड़ से अधिक की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को किट भी वितरित की जाएंगी। सीएम ने दोहराया कि डबल इंजन सरकार वनटांगिया परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
