देश

भारत पर हमला करने चला था पाकिस्तान, हवा में ही मिसाइल हो गई ध्वस्त; बदले में Indian Army ने लाहौर में उड़ा दिया एयर डिफेंस सिस्टम

भारत की एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने 7-8 मई की रात को भारत के सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की थी, हालांकि वो नाकाम रहा। भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने एक भी मिसाइल को टारगेट पर गिरने नहीं दिया और हवा में ही नष्ट कर दिया।

Image

पाकिस्तान का हमला नाकाम

भारत ने पाकिस्तान की ओर से किए गए हमले की पुष्टि करते हुए कहा है कि पाकिस्तान ने हमले की कोशिश की थी, लेकिन पाकिस्तान के सभी हमले नाकाम कर दिए गए। पाकिस्तान ने पंजाब और जम्मू कश्मीर के कई इलाकों पर हमले की कोशिश की थी, लेकिन वो नाकाम रहा। भारत ने पहले ही कहा था कि उसने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किसी भी सैन्य प्रतिष्ठान और सिविलियन को निशाना नहीं बनाया है, लेकिन अगर पाकिस्तान ऐसा करता है वो करारा जवाब देगा। पाकिस्तान के इन हमलों के बाद अब भारत ने पलटवार करते हुए पाकिस्तान में कई जगहों पर हमला किया है।

कहां-कहां पाकिस्तान ने की हमले की कोशिश

पीआईबी की ओर मिली जानकारी के अनुसार 07-08 मई 2025 की रात को पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों का उपयोग करके अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, फलोदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों पर हमला करने का प्रयास किया। इन हमलों को भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर गया। इन हमलों के मलबे अब कई स्थानों से बरामद किए जा रहे हैं जो पाकिस्तानी हमलों की पुष्टि करते हैं।

  • पाकिस्तान ने बुधवार रात उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की, सभी में फेल रहा।
  • पाक सेना ने आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़ सहित अन्य स्थानों पर सैन्य ठिकानों पर हमला करने का प्रयास किया।
  • पाकिस्तानी सेना ने ड्रोन और मिसाइलों से श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की।
  • उत्तरी और पश्चिमी भारत में सैन्य ठिकानों पर हमले की पाकिस्तानी सेना की कोशिशों को हवाई रक्षा प्रणालियों ने नाकाम कर दिया।
  • भारतीय सशस्त्र बलों ने आज सुबह पाकिस्तान के कई स्थानों पर वायु रक्षा रडार और प्रणालियों को निशाना बनाया।
  • विश्वसनीय जानकारी के अनुसार लाहौर में पाकिस्तानी वायु रक्षा प्रणाली को निष्प्रभावी कर दिया गया है।

लाहौर में एयर डिफेंस तबाह

आज सुबह भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के कई स्थानों पर एयर डिफेंस रडार और सिस्टम को निशाना बनाया। भारत की यह प्रतिक्रिया उसी क्षेत्र में और उसी तीव्रता के साथ दी गई है, जैसी पाकिस्तान की थी। विश्वसनीय तौर पर यह ज्ञात हुआ है कि लाहौर में एक एयर डिफेंस सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया गया है।

LoC पर पाक ने किया युद्ध विराम का उल्लंघन

पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर भी अकारण गोलीबारी की तीव्रता बढ़ा दी है। इसने जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में मोर्टार और भारी कैलिबर की तोपों का उपयोग किया है। इस पाकिस्तानी गोलीबारी में 16 निर्दोष नागरिकों की जान गई है, जिनमें तीन महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं। इन हालातों में भी भारत को मजबूरी में जवाब देना पड़ा ताकि पाकिस्तान की मोर्टार और तोपों की गोलीबारी को रोका जा सके।

भारत ने फिर दी चेतावनी

भारत ने एक बार फिर कहा कि भारतीय सशस्त्र बल यह दोहराते हैं कि वे हालात को और न बिगड़ने देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, बशर्ते कि पाकिस्तानी सेना भी ऐसा ही व्यवहार करे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article