देश

'स्वर्ण मंदिर को नहीं आने दी एक भी खरोंच...'; PAK ने ड्रोन और मिसाइलों से बनाया था निशाना

15 इन्फेंट्री डिवीजन के जीओसी (जनरल ऑफिसर कमांडिंग) मेजर जनरल कार्तिक सी. शेषाद्रि ने बताया कि पाकिस्तान ने स्वर्ण मंदिर को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया, जो ऐसे हमलों के लिए तैयार थी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने 7-8 मई को अंधेरे में ड्रोन्स और लंबी दूरी की मिसाइलों के साथ बड़े पैमाने पर हवाई हमला किया। हमें पहले से इसकी आशंका थी और हम पूरी तरह से तैयार थे।

Image

स्वर्ण मंदिर

Photo : iStock

Operation Sindoor: पाकिस्तान के नापाक मंसूबों से दुनिया वाकिफ हो चुकी है। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूत किया जिसको लेकर पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों और पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर को निशाना बनाने की कोशिश की। जी, हां... पाकिस्तान ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर को निशाना बनाते हुए मिसाइलें दागीं, लेकिन भारतीय सेना ने असाधारण वीरता का परिचय देते हुए पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को आसमान में ही बेदम कर दिया। भारतीय सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

क्या है पूरा मामला?

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, 15 इन्फेंट्री डिवीजन के जीओसी (जनरल ऑफिसर कमांडिंग) मेजर जनरल कार्तिक सी. शेषाद्रि ने बताया कि भारतीय सेना को पाकिस्तान की ओर से हमारे नागरिक प्रतिष्ठानों के साथ-साथ सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की आशंका थी जिसमें स्वर्ण मंदिर जैसे धार्मिक स्थल भी शामिल थे। खुफिया जानकारी के मुताबिक, स्वर्ण मंदिर पाकिस्तान का मुख्य लक्ष्य था।

शीर्ष सेना अधिकारी ने बताया कि हमने स्वर्ण मंदिर को हवाई रक्षा कवच प्रदान करने के लिए अतिरिक्त आधुनिक वायु रक्षा परिसंपत्तियां जुटाईं। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान ने ड्रोन और लंबी दूरी की मिसाइलों सहित अन्य हथियारों से स्वर्ण मंदिर को निशाना बनाकर हमला किया जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया, जो ऐसे हमलों के लिए तैयार थी।

Indian Air Defence System

भारत की वायु रक्षा प्रणाली

PAK ने स्वर्ण मंदिर को बनाया था निशाना

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने 7-8 मई को अंधेरे में ड्रोन्स और लंबी दूरी की मिसाइलों के साथ बड़े पैमाने पर हवाई हमला किया। हमें पहले से इसकी आशंका थी और हम पूरी तरह से तैयार थे। हमारे बहादुर और सतर्क सेना के हवाई रक्षा गनर्स ने पाकिस्तानी सेना के नापाक मंसूबों को विफल कर दिया। स्वर्ण मंदिर पर निशाना साधने वाले सभी ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराया और हमारे पवित्र स्वर्ण मंदिर को एक खरोंच भी नहीं आने दी।

बकौल रिपोर्ट, मेजर जनरल शेषाद्रि ने पहलगाम हमले के बाद भारत की ओर से शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पूर्ण सटीकता के साथ कई स्थानों को निशाना बनाया जिसमें मुरीदके और बहावलपुर जैसे क्षेत्र शामिल थे, जहां आतंकवादी संगठनों के मुख्यालय मौजूद हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article