देश

खत्म नहीं हुआ है Operation Sindoor, केवल अस्थायी तौर पर रोका गया है- विपक्ष के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार

बीते 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी थी जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। इसके बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया तथा पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। गत 10 मई को दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी।

Image

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी

बीजेपी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा है कि आतंकियों के खिलाफ शुरू किया ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है। ऑपरेशन सिंदूर खत्म नहीं हुआ है, इसे केवल अस्थायी तौर पर रोका गया है। इसे लेकर विपक्ष को अनावश्यक टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।

पीओके पर समाधान सिर्फ द्विपक्षीय वार्ता के जरिए

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि सरकार ने कहीं भी ‘‘संघर्ष विराम’’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है और स्पष्ट रूप से कहा है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के मुद्दे का समाधान भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय वार्ता के जरिए हो सकता है।

'ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है'

उन्होंने कहा कि सरकार का मानना है कि इस मुद्दे पर किसी मध्यस्थता की कोई गुंजाइश नहीं है। त्रिवेदी ने कहा, ‘‘इसलिए उन्हें इस मुद्दे पर अनावश्यक और अवांछित टिप्पणी करने से बचना चाहिए क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है।’’

विपक्ष पर साधा निशाना

भाजपा नेता ने इस बात पर जोर दिया कि एक तरफ कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल कहते हैं कि वे इस मुद्दे पर सरकार के साथ हैं, लेकिन यह उनके व्यवहार में नहीं दिखता। उन्होंने कहा, ‘‘वे कहते कुछ हैं और करते कुछ हैं, जिससे संदेह पैदा होता है।...ऑपरेशन सिंदूर को समाप्त होने दीजिए, फिर आप जो चाहें कहिए या संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग कीजिए।’’

कांग्रेस ने साधा था निशाना

कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का खुलकर राजनीतिकरण कर रही है तथा इस सैन्य अभियान को सत्तारूढ़ पार्टी का ‘‘ब्रांड’’ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में यह भी तय किया गया कि आने वाले दिनों में भाजपा के इस प्रयास के खिलाफ देश में अलग अलग स्थानों पर ‘‘जयहिंद सभाओं’’ का आयोजन किया जाएगा जिनमें प्रधानमंत्री मोदी से भी सवाल किए जाएंगे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article