देश

'बंगाल में BJP का एक भी विधायक नहीं होगा, करारी हार होगी', भगवा पार्टी पर भड़कीं TMC सुप्रीमो ममता

विधानसभा में ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा बांग्ला भाषी लोगों के खिलाफ है। उन्होंने आगे कहा कि एक समय ऐसा भी आएगा जब बंगाल में भाजपा का कोई विधायक नहीं होगा। 'भाषायी आतंकवाद' करने वाली कोई भी पार्टी बंगाल में जीत नहीं सकती।

Image

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। विधानसभा में ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा बांग्ला भाषी लोगों के खिलाफ है। उन्होंने आगे कहा कि एक समय ऐसा भी आएगा जब बंगाल में भाजपा का कोई विधायक नहीं होगा। 'भाषायी आतंकवाद' करने वाली कोई भी पार्टी बंगाल में जीत नहीं सकती।

भाजपा की होगी करारी हार-ममता

ममता ने कहा, 'बंगालियों का उत्पीड़न करने के लिए मैं भाजपा की निंदा करती हूं। जल्द ही एक समय ऐसा आएगा जब बंगाल में भाजपा का एक भी विधायक नहीं होगा। बंगाल के लोग ही उसे सबक सिखाएंगे। भाजपा की करारी हार होगी। बंगाल में बंगालियों के खिलाफ भाषायी आतंक फैलाने वाली कोई भी पार्टी जीत नहीं सकती।' टीएसमी सुप्रीमो ने आगे भाजपा को 'वोट चोर' और 'भ्रष्ट' पार्टी बताया।

भाजपा विधायकों ने ममता का विरोध किया

उन्होंने कहा कि 'भाजपा एक राष्ट्रीय अपमान है और मैं उसकी कड़े शब्दों में निंदा करती हूं।' बता दें कि देश भर में बंगाली भाषी लोगों के खिलाफ कथित हमले की घटनाओं की निंदा करने के लिए टीएमसी ने 190 के तहत सदन में प्रस्ताव पेश किया था। इस प्रस्ताव पर ममता जब बोल रही थीं तो भाजपा विधायकों ने उनका विरोध करते हुए नारेबाजी की। इस हंगामे की वजह से सुवेंदु अधिकारी और अग्निमित्रा पॉल को निलंबित किया गया।

मोदी सरकार ने भारत की प्रतिष्ठा को बेच दिया-ममता

यही नहीं, ममता ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने विदेशी ताकतों के सामने भारत की प्रतिष्ठा को बेच दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ‘कभी अमेरिका के सामने तो कभी चीन के सामने भीख मांग रही है’। अन्य राज्यों में बंगाली प्रवासियों पर हमलों से संबंधित सरकारी संकल्प पर राज्य विधानसभा में चर्चा में भाग लेते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की ‘तानाशाही मानसिकता’है और भाजपा ‘पश्चिम बंगाल को अपना उपनिवेश बनाना’चाहती है। बनर्जी ने जैसे ही इस संकल्प पर बोलना शुरू किया तो हंगामा होने लगा।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!