Nitish Kumar Rally: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के अंतर्गत आने वाले रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में 24 दिसंबर को प्रस्तावित एक रैली के लिए स्थानीय अधिकारियों ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसे लेकर जनता दल (यू) ने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना की है। 2024 आम चुनाव के मद्देनजर जेडीयू और नीतीश कुमार ने यूपी में भी बडे़ पैमाने पर प्रचार की योजना बनाई है। वाराणसी में होने वाली रैली इसी का हिस्सा थी।
जेडीयू का सरकार पर निशाना
जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 24 दिसंबर को वाराणसी के रोहनिया में होने वाली सार्वजनिक सभा रद्द कर दी गई है। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में जगतपुर इंटर कॉलेज के प्रशासन ने स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार के दबाव के कारण हमें इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया। उन्होंने (कॉलेज प्रशासन) पहले कहा था कि हमें अनुमति दी जाएगी, लेकिन गुरुवार को उन्होंने इससे इनकार कर दिया।
कहा, सीएम योगी की तानाशाही चल रही है
उत्तर प्रदेश में पार्टी के मामलों के प्रभारी श्रवण कुमार ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की तानाशाही चल रही है। हमें वाराणसी में अपने पार्टी सुप्रीमो की सार्वजनिक सभा न करने देना सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या है। हम जल्द ही सार्वजनिक सभा की अगली तारीख की घोषणा करेंगे। जदयू जल्द ही भाजपा को बेनकाब करने के लिए उत्तर प्रदेश में एक जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी। हम लोकसभा चुनाव के लिए एक ठोस रणनीति तैयार कर रहे हैं।
बता दें कि रोहनिया की जनसभा में पूर्वांचल क्षेत्र के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को शामिल होना था। रोहनिया वाराणसी का पटेल बहुल विधानसभा क्षेत्र है।
(Bhasha Input)
