Nanda Devi LPG Ship: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और तनावपूर्ण माहौल के बीच भारत ने अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। भारतीय रसोई गैस टैंकर 'शिवालिक' के पहुंचने के बाद, अब एक और विशाल LPG टैंकर 'नंदा देवी' आज यानी मंगलवार को गुजरात के कांडला पोर्ट पहुंचने वाला है। इस जहाज पर लगभग 46,000 मीट्रिक टन LPG लदी हुई है।
नौसेना की सुरक्षा में पार किया 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज'
दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री रास्तों में से एक, 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' (Strait of Hormuz) को पार करना इस समय किसी चुनौती से कम नहीं है। 'नंदा देवी' के चीफ ऑफिसर ने बताया कि भारत के पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय और शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (SCI) की इस विशेष पहल को भारतीय और ईरानी नौसेनाओं का पूरा सहयोग मिला। दोनों देशों की नौसेनाओं ने इस टैंकर को सुरक्षित रास्ता दिया, जिससे भारत तक गैस की सप्लाई सुनिश्चित हो सकी।
ऊर्जा संकट में मिलेगी बड़ी मदद
दुनिया भर में जारी युद्ध और अस्थिरता के कारण ईंधन की कीमतों और आपूर्ति पर गहरा असर पड़ा है। ऐसे समय में 46,000 मीट्रिक टन LPG का भारत पहुंचना बेहद अहम है। जहाज के अधिकारियों ने इस सफल ऑपरेशन के लिए भारत सरकार और नौसेना का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "हम भविष्य में भी इसी तरह देश की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। यह खेप वैश्विक संकट के बीच भारत की घरेलू गैस जरूरतों को पूरा करने में बड़ी भूमिका निभाएगी।"
लगातार दूसरा सफल मिशन
यह लगातार दूसरा मौका है जब भारतीय नौसेना की सुरक्षा में कोई गैस टैंकर सुरक्षित भारत पहुंचा है। इससे पहले सोमवार को भारतीय टैंकर 'शिवालिक' 40,000 मीट्रिक टन LPG लेकर गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पहुंचा था। इसके अलावा, कच्चा तेल लेकर आ रहा जहाज 'जग लाडकी' भी सुरक्षित रूप से भारत की ओर बढ़ रहा है।
सुरक्षित हैं भारतीय नाविक
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, फारस की खाड़ी (Persian Gulf) क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल इस क्षेत्र में 22 भारतीय झंडे वाले जहाज मौजूद हैं, जिन पर 611 नाविक तैनात हैं। पिछले 24 घंटों में किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
