अमेरिका में खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश के मामले में आरोपी भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता ने अमेरिकी अदालत के जज को एक चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में उन्होंने संकेत दिया है कि पन्नू की हत्या की साजिश उन्होंने अकेले रची थी। उन्होंने अपने किए पर पछतावा जताते हुए जज से माफी भी मांगी है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, निखिल गुप्ता ने अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज विक्टर मारेरो को यह चिट्ठी 20 नवंबर को होने वाली सजा पर सुनवाई से पहले लिखी है। इसमें उन्होंने साल 2023 के शुरुआती दिनों में अपनी मानसिक स्थिति, शराब की लत, निजी परेशानियों और गिरफ्तारी के बाद जेल में बिताए मुश्किल वक्त के बारे में भी बताया है।
'काश 2023 में लौटकर अपनी गलतियां सुधार पाता'
निखिल गुप्ता ने अपनी चिट्ठी में लिखा, "मैंने अपना मानसिक संतुलन खो दिया था। काश मैं समय में पीछे जाकर 2023 में लौट पाता और अपनी गलतियां सुधार पाता।"
उन्होंने स्वीकार किया कि अत्यधिक शराब पीने और निजी परेशानियों के कारण उनकी सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित हुई थी। गुप्ता ने लिखा कि उन्हें अपने परिवार को पहुंचाए गए दर्द का गहरा पछतावा है।
उन्होंने अपनी पत्नी, बच्चों, मां और परिवार के साथ-साथ अपने दो पालतू बिल्लियों का भी जिक्र किया। चिट्ठी में उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के शुरुआती दिनों में उन्हें आत्महत्या करने के गंभीर विचार आते थे।
चेक गणराज्य से ब्रुकलिन जेल तक का सफर
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, निखिल गुप्ता ने चिट्ठी में अपनी हिरासत के दौरान के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि चेक गणराज्य में उन्हें एकांत कारावास (Solitary Confinement) में रखा गया था। इसके बाद उन्हें न्यूयॉर्क की ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में भेज दिया गया।
गुप्ता के मुताबिक, जेल में अकेलेपन और दूसरे कैदियों से हिंसा की लगातार धमकियों के बीच उनका वक्त बेहद मुश्किल रहा। इस दौरान उन्होंने खुद को संभालने के लिए मेडिटेशन, योग और आध्यात्मिक किताबों का सहारा लिया।
उन्होंने यह भी बताया कि हिरासत में उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने परिवार से संपर्क करना और उन्हें यह बताना था कि वह जिंदा हैं। लेकिन कई तरह की पाबंदियों के कारण वह कई हफ्तों तक ऐसा नहीं कर पाए।
20 नवंबर को होगी सजा पर सुनवाई
निखिल गुप्ता की सजा पर 20 नवंबर को सुनवाई होनी है। इस मामले में अमेरिकी अभियोजकों ने हाल ही में अदालत से अनुरोध किया है कि गुरपतवंत सिंह पन्नू को सुनवाई के दौरान सीधे जज के सामने अपना पक्ष रखने के लिए 20 मिनट का समय दिया जाए। पन्नू इस कथित हत्या की साजिश के मामले में टारगेट थे। अमेरिकी अभियोजकों ने अदालत में उनकी मौजूदगी और बयान के लिए समय मांगा है।
