भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। सिक्किम के ऊपर भारतीय हवाई क्षेत्र में चीनी सैन्य विमान के कथित तौर पर घुसने की खबर सामने आने के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया है कि चीन की इस कथित हरकत पर सरकार क्या कदम उठाएगी? पार्टी ने यह भी कहा कि उम्मीद है कि प्रधानमंत्री इस बार चीन को क्लीन चिट नहीं देंगे। बता दें कि यह मामला 12 नवंबर की सुबह का बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी सैन्य विमान भारतीय हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ और करीब 20 से 25 मिनट तक सिक्किम के ऊपर मंडराता रहा।
दावा है कि भारतीय वायुसेना ने विमान को कई बार चेतावनी दी, लेकिन इसके बावजूद वह कुछ समय तक इलाके में बना रहा। हालांकि, इस कथित घटना पर केंद्र सरकार या भारतीय वायुसेना की ओर से आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
कांग्रेस ने क्या कहा?
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्र सरकार से चीन के खिलाफ कड़ी आपत्ति दर्ज कराने की मांग की। पार्टी ने कहा कि 12 नवंबर की सुबह चीन का सैन्य विमान भारतीय हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ और सिक्किम के ऊपर करीब 20 मिनट तक घूमता रहा।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चीनी विमान ने भारतीय वायुसेना की चेतावनियों को भी नजरअंदाज किया। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, 'उम्मीद है कि नरेंद्र मोदी इस बार चीन को क्लीन चिट नहीं देंगे।' कांग्रेस ने सरकार से पूछा कि चीन की इस कथित कार्रवाई पर वह क्या कदम उठाने जा रही है और बीजिंग के सामने इस मामले को किस तरह उठाया जाएगा।

सीमा विवाद को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना। Congress X handle
क्या है दावा?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय वायुसेना ने 12 नवंबर को सुबह करीब 8 बजे चीनी सैन्य विमान की गतिविधि का पता लगाया था। विमान करीब 25 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि भारतीय वायुसेना ने चीनी विमान को बार-बार चेतावनी देते हुए अपने हवाई क्षेत्र से वापस लौटने को कहा। इसके बावजूद विमान करीब 20 से 25 मिनट तक इलाके में मंडराता रहा। हालांकि, विमान किस प्रकार का था, उसने किस रास्ते से भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया और आखिरकार कब वापस लौटा, इसकी अधिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पेमा खांडू के बयान पर भी कांग्रेस का निशाना
इससे पहले जब अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने चीन सीमा पर हालात को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि सीमा पर स्थिति सामान्य है और भारतीय सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि सीमा का सीमांकन नहीं होने के कारण चीनी घुसपैठ की घटनाएं होती रहती हैं।
इस बयान को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी बीजेपी नेताओं पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी नेता चीन की गतिविधियों पर भारत का पक्ष मजबूती से रखने के बजाय उन्हें सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं।
क्यों अहम है सिक्किम का यह इलाका?
सिक्किम के जिस इलाके में चीनी विमान के कथित रूप से घुसने की बात कही जा रही है, वह रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील है। इसके आसपास सिलीगुड़ी कॉरिडोर स्थित है, जिसे 'चिकन नेक' भी कहा जाता है। पश्चिम बंगाल में स्थित यह संकरा भूभाग भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है। अपने सबसे संकरे हिस्से में इसकी चौड़ाई करीब 20 से 22 किलोमीटर है।
इसकी भौगोलिक स्थिति इसे भारत की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बनाती है। इसके आसपास चीन, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की सीमाएं हैं। ऐसे में इस इलाके के आसमान में किसी भी विदेशी सैन्य विमान की संदिग्ध गतिविधि सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन सकती है।
