Asaduddin Owaisi: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम वोटों और विपक्षी राजनीति को लेकर नई जंग छिड़ती नजर आ रही है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मेरठ की धरती से ऐसा सियासी हमला बोला, जिसके निशाने पर बीजेपी के साथ-साथ समाजवादी पार्टी भी रही। अयोध्या में राम मंदिर जाने को लेकर अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधते हुए ओवैसी ने कहा, अखिलेश वहां जा रहे हैं, जहां हमने 400 साल तक नमाज पढ़ी। उनके इस बयान ने राम मंदिर और मुस्लिम राजनीति को लेकर नया सियासी विवाद खड़ा कर दिया है।
ओवैसी ने सिर्फ राम मंदिर के मुद्दे पर ही अखिलेश को नहीं घेरा, बल्कि PDA की राजनीति, मुजफ्फरनगर दंगों और सपा के पिछले कार्यकाल को लेकर भी तीखे सवाल उठाए। मेरठ से उन्होंने साफ संदेश दिया कि अब उत्तर प्रदेश में बीजेपी के खिलाफ लड़ाई के साथ-साथ विपक्ष के भीतर भी राजनीतिक हिस्सेदारी की लड़ाई होगी।
राम मंदिर के बहाने अखिलेश पर सीधा वार
अखिलेश यादव के अयोध्या राम मंदिर जाने को लेकर ओवैसी ने सवाल उठाते हुए कहा कि वह उस जगह जा रहे हैं, जहां मुस्लिम समुदाय ने 400 साल तक नमाज पढ़ी थी। इस बयान के जरिए ओवैसी ने अखिलेश की राजनीतिक रणनीति पर निशाना साधा। उन्होंने PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक की राजनीति पर सवाल खड़े करते हुए पूछा कि जब बहराइच और सहारनपुर में धार्मिक स्थलों से जुड़े मामले सामने आए तो सपा नेतृत्व पीड़ितों के साथ खड़ा क्यों नहीं दिखाई दिया?
मुजफ्फरनगर दंगों की याद दिलाकर अखिलेश को घेरा
ओवैसी ने मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र कर समाजवादी पार्टी के पुराने कार्यकाल पर सबसे तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में कत्लेआम हुआ, उस समय सपा में 47 मुस्लिम विधायक थे, लेकिन पीड़ितों के लिए कुछ नहीं किया गया। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जब मुजफ्फरनगर में हिंसा हो रही थी, तब अखिलेश सैफई में नाच-गाना देख रहे थे। ओवैसी के इस हमले का राजनीतिक संदेश साफ था कि वह मुस्लिम मतदाताओं के बीच सपा के पुराने रिकॉर्ड को मुद्दा बनाकर अपनी जगह मजबूत करना चाहते हैं।
चंद्रशेखर से हाथ नहीं, दिल मिलाया: ओवैसी
मेरठ की रैली का सबसे बड़ा राजनीतिक ऐलान AIMIM और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन को लेकर रहा। ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा, “चंद्रशेखर से हाथ नहीं मिलाया, दिल मिलाया है।” दोनों दल ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के बैनर तले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। ओवैसी ने कहा कि दोनों पार्टियां अपनी-अपनी ताकत के साथ आगे बढ़ेंगी और उनका लक्ष्य चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है।
योगी को तीसरी बार CM बनने से रोकने का ऐलान
ओवैसी ने बीजेपी और योगी सरकार के खिलाफ अपना चुनावी एजेंडा भी स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका मकसद योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने से रोकना और बीजेपी को सत्ता से बाहर करना है। उन्होंने जनता से अपील की कि उत्तर प्रदेश के नौजवानों, शिक्षा व्यवस्था और भविष्य को बचाने के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को समर्थन दें।
एनकाउंटर नहीं, कानून से चलेगा प्रदेश: ओवैसी
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर ओवैसी ने योगी सरकार को घेरते हुए विकास दुबे एनकाउंटर का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “हम हर एनकाउंटर के खिलाफ हैं।” ओवैसी ने कहा कि प्रदेश में रूल बाय एनकाउंटर नहीं, रूल बाय लॉ होना चाहिए। उन्होंने 2017 से 2024 के बीच हुए एनकाउंटरों का हवाला देते हुए सरकार पर सवाल उठाए और दावा किया कि कई मुसलमानों को एनकाउंटर और कथित हाफ एनकाउंटर का सामना करना पड़ा। संभल, बहराइच और बाराबंकी की घटनाओं के साथ मदरसों, मस्जिदों और धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया।
किसानों की कर्जमाफी और महंगाई पर भी सरकार को घेरा
ओवैसी ने किसानों की कर्जमाफी का वादा करते हुए महंगाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों के बढ़ते दामों से परेशान जनता की स्थिति क्या सरकार को दिखाई नहीं देती? उन्होंने युवाओं के रोजगार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
गिरिराज सिंह को दी नसीहत, बुनकरों का मुद्दा उठाया
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए ओवैसी ने कहा कि पहले उन्हें अपना इलाज कराना चाहिए और स्वस्थ होकर मुकाबले में आना चाहिए। उन्होंने मेरठ के बुनकरों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि गिरिराज सिंह ठीक हो जाएं, फिर उन्हें मेरठ लेकर आएंगे।
1857 की क्रांति का जिक्र कर मेरठ से बदलाव का दावा
ओवैसी ने 10 मई 1857 की क्रांति और मेरठ की ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए कहा कि आजादी की पहली लड़ाई इसी धरती से रमजान के महीने में शुरू हुई थी। उन्होंने संभावना जताई कि आगामी मतदान रमजान के दौरान हो सकता है। ओवैसी ने कहा कि मेरठ से राजनीतिक बदलाव की शुरुआत होगी और लखनऊ में योगी सरकार के साथ दिल्ली में मोदी सरकार को चुनौती दी जाएगी।
अपने भाषण के दौरान ओवैसी ने विरोधियों को शायराना अंदाज में भी जवाब दिया। उन्होंने कहा—मेरे खिलाफ अभी से बयान देने लगे, निकल कर फौरन अंडे से सजा देने लगे।
मेरठ से सपा को भी सियासी संदेश
ओवैसी की पूरी रैली का सियासी संदेश यही रहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बीजेपी के साथ-साथ समाजवादी पार्टी के सामने भी अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करना चाहता है। राम मंदिर से लेकर मुजफ्फरनगर दंगों तक अखिलेश यादव को निशाने पर रखकर ओवैसी ने मुस्लिम मतदाताओं के बीच सपा के दावों को चुनौती देने की कोशिश की। अब देखना होगा कि चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी का यह गठबंधन उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति में कितना प्रभाव छोड़ पाता है।
