MP local body election result : मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए अच्छी खबर है। भगवा पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया है। 19 नगरीय निकायों के चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित हुए। इस चुनाव में 183 पार्षद पदों पर भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की जबकि 143 वार्डों में कांग्रेस विजयी हुई है। प्रदेश के 19 नगरीय निकायों में से भाजपा ने 11 और कांग्रेस ने आठ निकायों में बहुमत हासिल किया है।
नगरीय निकायों के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ था
खास बात यह है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के गृह क्षेत्र राघोगढ़ नगर परिषद सहित 19 शहरी निकायों के कुल 343 वार्डो में चुनाव हुए थे। राज्य चुनाव आयोग के सचिव राकेश सिंह के अनुसार पांच जिलों में 19 नगरीय निकायों के तहत 343 पार्षद पदों में से 183 पर भाजपा ने जबकि 143 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि राघोगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस ने 16 और भाजपा ने आठ वार्डो में जीत हासिल की। प्रदेश के 19 नगरीय निकायों में से भाजपा ने 11 और कांग्रेस ने आठ निकायों में बहुमत हासिल किया है। इन नगरीय निकायों के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ था।
BJP कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा
नगरीय निकाय चुनाव में 13 नगर परिषद में से 6 पर कांग्रेस और 7 पर भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है। ओंकारेश्वर में 15 वॉर्डों में 9 पर भाजपा, 1 पर कांग्रेस जीत गयी. जैतहरी में 15 वार्डों में 7 पर भाजपा, एक पर कांग्रेस और दो अन्य को जीत मिली है। खेतिया में 15 वार्डो में 10 पर भाजपा, 4 पर कांग्रेस व एक अन्य को जीत मिली है। पानसेमल में 15 वार्डों में 10 पर भाजपा, 3 पर कांग्रेस और दो अन्य को जीत मिली है। इसी तरह सरदारपुर में 15 वार्डों में 6 पर भाजपा और 9 पर कांग्रेस को जीत मिली है।
साल के अंत में होंगे विस चुनाव
बता दें कि गत 20 जनवरी को छह नगर पालिका और 13 नगर परिषद के लिए वोट डाले गए। इस चुनाव में करीब 67 फीसदी मतदान हुआ। निकाय चुनाव में यह जीत भाजपा को उत्साहित करने वाली है। राज्य में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होंगे। हमेशा की तरह इस बार भी यहां मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है।
