Elon Musk SpaceX Shares Donation: दुनिया के सबसे अमीर और चर्चित अरबपतियों कारोबारी Elon Musk ने एक चौंकाने वाला एलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा है कि अगले साल वह अमेरिका के हर बच्चे को SpaceX का एक शेयर देंगे।
Musk ने इसे अपनी ऐसी कई पहलों की शुरुआत बताया है। हालांकि, उन्होंने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस योजना को किस तरह लागू किया जाएगा, कितने बच्चों को इसका लाभ मिलेगा और शेयर बांटने की प्रक्रिया क्या होगी।
Elon Musk ने X पर क्या कहा?
Elon Musk ने 19 अक्टूबर को अपने आधिकारिक X अकाउंट पर लिखा, “Next year, I will give one of my SpaceX shares to every kid in America. This will be the first of many.” इसका मतलब है कि Musk अगले साल अमेरिका के हर बच्चे को अपनी हिस्सेदारी में से SpaceX का एक शेयर देने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में इस तरह के और कदम उठाए जा सकते हैं।
कितने शेयर देने पड़ सकते हैं?
अगर इस योजना में अमेरिका के 18 साल से कम उम्र के सभी बच्चों को शामिल किया जाता है, तो संभावित लाभार्थियों की संख्या करोड़ों में हो सकती है। लगभग 7 करोड़ बच्चों को एक-एक शेयर देने की स्थिति में करीब 7 करोड़ SpaceX शेयरों की जरूरत होगी। यह संख्या केवल एक अनुमान है। वास्तविक संख्या इस बात पर निर्भर करेगी कि Musk अपनी योजना में किस उम्र के बच्चों को शामिल करते हैं और पात्रता की शर्तें क्या तय की जाती हैं।
Musk की SpaceX में कितनी हिस्सेदारी है?
स्पेसएक्स की इस साल ही लिस्टिंग हुई है। नियामकीय फाइलिंग में Elon Musk के पास 30 जून, 2026 तक SpaceX की लगभग 48.4% हिस्सेदारी है। कुल मिलाकर मस्क के पास स्पेस एक्स के करीब 6.42 अरब शेयर हैं। इस तरह अगर मस्क 6.42 अरब शेयरों में से 7 करोड़ शेयर बांटते हैं, तो यह उनकी रिपोर्टेड हिस्सेदारी का लगभग 1.09% होगा। इस गणना के आधार पर उनके पास करीब 6.35 अरब शेयर बचेंगे।
कितने का है अभी एक शेयर?
फिलहाल स्पेसएक्स का एक शेयर 146 डॉलर के आसपास है। जबकि, इसका 52 वीक हाई 225.64 डॉलर और लो 104.83 डॉलर है। अगर आज की कीमत के हिसाब से इन शेयरों की कीमत रुपये में देखें, तो यह 95 रुपये प्रति डॉलर के हिसाब से करीब 9,71,09,95,00,000 (₹97,090 करोड़) बैठती है। यानी हर बच्चे को करीब 13,872 रुपये की वैल्यू का शेयर मिलेगा।
कैसे बांटे जा सकते हैं बच्चों को शेयर?
हालांकि, Elon Musk ने बच्चों को SpaceX के शेयर देने का तरीका नहीं बताया है। लेकिन, माना जा रहा है कि इसके लिए अमेरिका के Trump Accounts प्रोग्राम का इस्तेमाल हो सकता है।Trump Accounts अमेरिका सरकार की शुरू की गई बच्चों के लिए टैक्स-फायदे वाली निवेश खाता योजना है। इसका मकसद बच्चों के नाम पर लंबे समय के लिए निवेश जमा करना है, ताकि बड़े होने पर उनके पास आर्थिक संपत्ति हो।
