देश

VIDEO: महानवमी पर भक्तिमय हुआ देश का कोना-कोना, माता वैष्णो देवी धाम से लेकर कामाख्या तक मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Maha Navami 2026: शारदीय नवरात्रि की महानवमी के अवसर पर देशभर के देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। दिल्ली से लेकर मथुरा, वाराणसी, हरिद्वार और कोलकाता तक श्रद्धालु मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। वहीं, कामाख्या मंदिर से लेकर माता वैष्णो देवी धाम तक भक्तिमय माहौल बना हुआ है और मंदिरों में सुबह से ही जयकारे गूंज रहे हैं।

Image

महानवमी पर कहीं गूंजे मां के जयकारे तो कहीं हुई भव्य आरती

Photo : ANI

Maha Navami 2026: शारदीय नवरात्रि की महानवमी के अवसर पर देशभर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। दिल्ली से लेकर कोलकाता और कटरा तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे, वहीं कई स्थानों पर विशेष पूजा और आरती का आयोजन किया गया।

दिल्ली से लेकर मथुरा और वाराणसी तक भक्तों का सैलाब

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महानवमी के मौके पर झंडेवालान मंदिर में सुबह की आरती की गई। इस दौरान मंदिर में मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की आस्था देखने को मिली। उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित चामुंडा देवी मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-पाठ कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी के प्राचीन मां अष्टभुजी मंदिर में भक्तों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और देवी मां का आशीर्वाद लिया।

मां दुर्गा की आराधना और धार्मिक अनुष्ठान

उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित सुरेश्वरी देवी मंदिर में भी महानवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूजा की। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सिद्ध मां महाकाली मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी। झारखंड की राजधानी रांची के दुर्गा बाड़ी मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना की और धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया।

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा की रौनक

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में नवरात्रि के दौरान दुर्गा पूजा की रौनक देखने को मिल रही है। यहां भक्त विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में केंदुआ शांति संघ दुर्गा पूजा पंडाल में भी श्रद्धालुओं की मौजूदगी देखने को मिली।

कामाख्या और वैष्णो देवी मंदिर में भी तीर्थयात्रियों की भीड़ उमड़ी

असम के गुवाहाटी स्थित प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर में महानवमी के दिन दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्त पहुंच रहे हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर के कटरा में स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में नवरात्रि के नौवें दिन तीर्थयात्रियों की भीड़ उमड़ी। देश के अलग-अलग हिस्सों में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ महानवमी मनाई।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article