Mohan Yadav Swearing In: भाजपा नेता मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल ने यादव को सीएम पद की गोपनीयता की शपथ दिलाई। मोहन यादव के बाद जगदीश देवड़ा एवं राजेंद्र शुक्ला को डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ खडसे सहित भाजपा के दिग्गज नेता एवं मंत्री उपस्थित थे। सीएम बनने पर पीएम मोदी ने मोहन यादव को बधाई दी।
शपथ ग्रहण से पहले मंदिर गए
शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होने से पहले मोहन यादव अपने घर से निकलकर मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मोहन यादव ने कहा कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से ही सीएम बनने का सौभाग्य मिला है। राज्य में पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार और विकास करेगी। लाल परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मोहन यादव के गृहनगर उज्जैन से भी कई लोग पहुंचे थे।
सोमवार को विधायक दल का नेता चुने गए यादव
कई दिनों से चल रही अटकलों को खत्म करते हुए, भाजपा ने सोमवार को यादव को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना और पार्टी के दिग्गज नेता शिवराज सिंह चौहान पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद संभालने का रिकॉर्ड नहीं बना पाए। चौहान सरकार में मंत्री यादव (58) को सोमवार को एक बैठक के दौरान सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।
विधानसभा अध्यक्ष होंगे नरेंद्र सिंह तोमर
मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल वरिष्ठ भाजपा नेता और नवनिर्वाचित विधायक नरेंद्र सिंह तोमर नए विधानसभा अध्यक्ष होंगे। यादव को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का करीबी माना जाता है और उन्हें शीर्ष पद के दावेदार के रूप में नहीं देखा जा रहा था। वह अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय से आते हैं, जिनकी संख्या राज्य की जनसंख्या में 48 प्रतिशत से अधिक है। सोमवार को मुख्यमंत्री नामित होने के बाद यादव ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की और अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया।
पहली बार 2013 में विधायक बने यादव
यादव 2013 में पहली बार उज्जैन दक्षिण सीट से विधायक चुने गए थे। उन्होंने 2018 और फिर 2023 में विधानसभा सीट बरकरार रखी। पिछले महीने के विधानसभा चुनावों में, भाजपा ने राज्य की 230 विधानसभा सीटों में से 163 सीटें जीती और कांग्रेस को 66 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर धकेल दिया।
