देश

'क्या अब राहुल गांधी खुद गिनेंगे वोट, फिर गलती करेंगे और कहेंगे...', MLC इलेक्शन में 0 पर सिमटी कांग्रेस पर BJP का तंज

MLC Election Result: चार राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों के चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बीजेपी के निशाने पर आ गया है। पीएम मोदी ने बैलेट पेपर से हुए चुनावों में कांग्रेस की सीटों पर तंज कसा। वहीं, बीजेपी ने राहुल गांधी को लेकर सोशल मीडिया पर कटाक्ष किया।

Image

एमएलसी चुनाव नतीजों के लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर कसा तंज। AI IMAGE

MLC Election Result: विधान परिषद यानी एमएलसी चुनावों के नतीजों में बीजेपी का प्रदर्शन शानदार रहा। वहीं, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में कुल 28 सीटों पर चुनाव हुए थे और इनमें कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकी। इस पर बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज कसा है। बीजेपी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक तस्वीर शेयर किया। तस्वीर में लिखा है, कांग्रेस ईवीएम से हारी, कांग्रेस बैलेट पेपर से भी हारी, आगे क्या? क्या राहुल गांधी खुद वोट गिनेंगे।

वहीं, फोटो के साथ कैप्शन लिखा गया, हो सकता है वो वोटों की गिनती भी गलत करें। इसके बाद वो अपना पसंदीदा शब्द कहें, सॉरी, सॉरी, सॉरी।

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर कसा तंज

बीजेपी के प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी को बधाई दी। वहीं, उन्होंने कांग्रेस पर तंज भी कसा। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में 28 सीटों पर MLC चुनाव हुए और मतदान बैलेट पेपर से हुआ। उन्होंने सवाल किया कि अंदाजा लगाइए, कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?

पीएम मोदी के एक्स पोस्ट पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर मोदी को भरोसा है कि ईवीएम का चुनाव नतीजों पर कोई असर नहीं पड़ता, तो उन्हें अपनी बात साबित करने के लिए कदम उठाने चाहिए, सिर्फ बयान नहीं देने चाहिए। बात करें उत्तर प्रदेश की तो राज्य में 11 एमएलसी सीटों पर चुनाव हुआ। 28 अक्टूबर को उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, छह सीटों के नतीजे घोषित हो चुके थे। इनमें BJP ने चार और समाजवादी पार्टी ने दो सीटें जीती थीं।

कांग्रेस ने ईवीएम पर जताई है नाराजगी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई विपक्षी नेताओं ने मांग की है कि देश में चुनाव ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से कराए जाएं। हालांकि, विधान परिषद के इन चुनावों में बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जाता है।

इन चुनावों में भी कांग्रेस को सफलता नहीं मिली। इन नतीजों से कांग्रेस के स्थानीय संगठन, उम्मीदवारों के चयन और शिक्षक-स्नातक मतदाताओं के बीच उसके समर्थन को लेकर सवाल उठते हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article