Bihar MLC Election Result 2026 : बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हुए चुनाव में चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के डॉ. संजीव कुमार ने भारतीय जनता पार्टी के नवल किशोर को 1,057 मतों से हराया। संजीव कुमार की जीत के साथ अब बिहार विधान परिषद के अगले सत्र में दो सगे भाई एक साथ नजर आएंगे। उनके बड़े भाई राजीव कुमार पहले से ही विधान परिषद के सदस्य हैं। संजीव कुमार के निर्वाचित होने के बाद दोनों भाई सदन में साथ बैठेंगे, हालांकि वे अलग-अलग राजनीतिक दलों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
डॉ. संजीव कुमार ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और मौजूदा विधान पार्षद नवल किशोर यादव को हराया। चुनाव में संजीव कुमार को 4,487 वोट मिले, जबकि नवल किशोर यादव के पक्ष में 3,430 मत पड़े। इस तरह राजद उम्मीदवार ने 1,057 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
दोनों भाईयों की जोड़ी उठाएगी सदन में आवाज
डॉ. संजीव कुमार के बड़े भाई राजीव कुमार कांग्रेस के टिकट पर विधान परिषद पहुंचे थे। वे बेगूसराय स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। अब छोटे भाई संजीव कुमार की जीत के साथ बिहार विधान परिषद में दोनों भाइयों की मौजूदगी देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि राजीव कुमार कांग्रेस और संजीव कुमार राजद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विधायक भी रह चुके हैं संजीव कुमार
डॉ. संजीव कुमार बिहार की राजनीति में पहले भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वह खगड़िया जिले की परबत्ता विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) छोड़कर राजद का दामन थाम लिया था। हालांकि, विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने विधान परिषद के चुनाव में किस्मत आजमाई और जीत हासिल की।
नवल किशोर यादव की जीत का सिलसिला टूटा
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में नवल किशोर यादव का लंबे समय से प्रभाव रहा था। वह इस सीट से लगातार पांच बार जीत दर्ज कर चुके थे। इस बार डॉ. संजीव कुमार ने उन्हें पराजित कर दिया। इस नतीजे के साथ पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में करीब तीन दशक से चले आ रहे उनके चुनावी दबदबे का अंत हो गया।
