MLC Election Result: बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की विधान परिषद की 28 सीटों पर आज मतगणना हो रही है। इन चुनावों में बीजेपी का प्रदर्शन शानदार रहा है। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में बीजेपी ने 11 में से चार सीटें जीती हैं, जबकि समाजवादी पार्टी (SP) को दो सीटें मिली हैं। बाकी सीटों पर मतगणना जारी है। कर्नाटक विधान परिषद चुनाव में बीजेपी-जेडीएस गठबंधन ने चारों सीटें जीत ली हैं।
बीजेपी के प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी को बधाई दी। वहीं, उन्होंने कांग्रेस पर तंज भी कसा। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में 28 सीटों पर MLC चुनाव हुए और मतदान बैलेट पेपर से हुआ। उन्होंने सवाल किया कि अंदाजा लगाइए, कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?
बिहार की बात करें तो राज्य की आठ MLC सीटों में से चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। यहां बीजेपी, आरजेडी, जन सुराज और निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। जन सुराज पार्टी ने बिहार विधान परिषद चुनाव में अपना खाता खोला।
बैलेट पेपर से हुए चुनाव में भी कांग्रेस नहीं कर पाई कमाल
कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई विपक्षी नेताओं ने मांग की है कि देश में चुनाव EVM की जगह बैलेट पेपर से कराए जाएं। हालांकि, विधान परिषद के इन चुनावों में बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जाता है।
इन चुनावों में भी कांग्रेस को सफलता नहीं मिली। इन नतीजों से कांग्रेस के स्थानीय संगठन, उम्मीदवारों के चयन और शिक्षक-स्नातक मतदाताओं के बीच उसके समर्थन को लेकर सवाल उठते हैं।
कांग्रेस के खराब प्रदर्शन पर बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार के नतीजे आ चुके हैं और कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न तो बिहार में जीती, न उत्तर प्रदेश में और न ही किसी उपचुनाव में। चाहे चुनाव बैलेट पेपर से हो या ईवीएम से, कांग्रेस को कहीं भी वोट नहीं मिल रहे हैं। फिर भी राहुल गांधी शोर मचाते रहते हैं। बेहतर होगा कि पूरे देश में बयानबाजी करने के बजाय वे अपनी पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान दें।
