रिश्ते खत्म होने के बाद भी क्या दो लोग एक-दूसरे की जिंदगी में खास बने रह सकते हैं? ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) और सुजैन खान का रिश्ता इसकी मिसाल है। शादी टूटने के करीब 12 साल बाद भी दोनों एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होते हैं। इस बार ऋतिक ने सुजैन के जन्मदिन पर ऐसा संदेश लिखा, जिसमें उनके लिए प्यार के साथ-साथ सम्मान भी झलकता है। खास बात यह रही कि उन्होंने सुजैन की तारीफ करते हुए उनकी मां को भी याद किया और बताया कि उनकी झलक आज भी सुजैन में दिखाई देती है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-रावण को लेकर ये क्या बोल गई Sai Pallavi? इंटरनेट पर मच गया हड़कंप)
सुजैन की तारीफ में क्या बोले ऋतिक?
ऋतिक रोशन ने सोशल मीडिया पर सुजैन के साथ परिवार की कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर कीं। जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्होंने लिखा कि वह सुजैन के जीवन में आई चुनौतियों और उनसे लड़कर आगे बढ़ने के तरीके पर गर्व महसूस करते हैं। उन्होंने कामना की कि सुजैन का आने वाला साल प्यार, खुशी और खूबसूरत अनुभवों से भरा रहे। इस मैसेज का सबसे भावुक हिस्सा वो था, जब ऋतिक ने सुजैन की मां का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी मां की भावना आज भी सुजैन में जीवित है। ऋतिक ने उन्हें अपने दोनों बेटों रेहान और ऋदान की बेहतरीन मां बताया। उनके मुताबिक, सुजैन हर हाल में जिंदगी का अच्छा पहलू देखने की कोशिश करती हैं और दूसरों के जीवन में भी खुशियां लाती हैं।
ऋतिक ने सुजैन के काम और उनके सपनों का भी जिक्र किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका प्रोजेक्ट दुनिया के उन शहरों तक पहुंचे, जहां पहुंचने का सुजैन सपना देखती हैं। साथ ही उन्होंने साफ कहा कि वह हमेशा उनके लिए खुशी मनाएंगे और उनका हौसला बढ़ाते रहेंगे। सुजैन ने भी इस पोस्ट पर प्यार जताया। ऋतिक और सुजैन ने दिसंबर 2000 में शादी की थी। करीब 14 साल साथ रहने के बाद दोनों 2013 में अलग हुए और नवंबर 2014 में उनका तलाक हो गया। इसके बाद दोनों ने अपनी जिंदगी में आगे बढ़ते हुए भी बेटों की परवरिश मिलकर की। जानकारी के लिए बता दें कि ऋतिक अब सबा आजाद के साथ रिश्ते में हैं, जबकि सुजैन अर्सलान गोनी को डेट कर रही हैं।
