देश

जिस पति की हत्या कर नीले ड्रम में दफनाई थी मुस्कान, उसी के बर्थडे के दिन बेटी को दिया जन्म; DNA से होगी पिता की पहचान

मेरठ के सौरभ राजपूत हत्याकांड में जेल में बंद आरोपी पत्नी मुस्कान ने मेडिकल कॉलेज में एक बेटी को जन्म दिया। प्रसव सामान्य रहा और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। रविवार देर रात प्रसव पीड़ा बढ़ने पर उसे जेल से अस्पताल लाया गया, लेकिन परिवार का कोई सदस्य अस्पताल नहीं पहुंचा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस तैनात की गई है। मुस्कान अपने पति की हत्या के आरोप में प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ गिरफ्तार है।

Image

पति की हत्या करने वाली मुस्कान ने बेटी को दिया जन्म।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल)

मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड (muskaan gave birth to a daughter) मामले में जेल में बंद उसकी पत्नी मुस्कान ने सोमवार शाम मेडिकल कॉलेज में एक बच्ची को जन्म दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों फिलहाल स्वस्थ हैं।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे प्रसव पीड़ा बढ़ने पर मुस्कान को मेडिकल कॉलेज लाया गया। उन्होंने बताया कि मुस्कान के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है, हालांकि परिवार का कोई भी सदस्य उससे मिलने अस्पताल नहीं पहुंचा।

बच्ची को हो सकता है DNA टेस्ट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सौरभ के बड़े भाई राहुल राजपूत ने कहा कि बच्ची का DNA टेस्ट कराया जाएगा। उन्होंने कहा, अगर रिपोर्ट में साबित होता है कि बच्ची मेरे भाई की है, तो हम उसे अपनाएंगे।

जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ

प्रसूति विभाग की अध्यक्ष डॉ. शगुन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नवजात का वजन 2.4 किलोग्राम है और प्रसव बिल्कुल सामान्य हुआ। उन्होंने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मुस्कान की स्थिति पूरे दिन सामान्य रही और उस पर लगातार निगरानी रखी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार और वार्ड के आसपास पुलिस तैनाती बढ़ा दी गई है।

पति सौरभ की हत्या की आरोपी हैं मुस्कान

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए हैं और मेडिकल रिकॉर्ड भी नियमित रूप से संकलित किए जा रहे हैं। मुस्कान को अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में उसके दोस्त साहिल के साथ गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के समय वह गर्भवती थी।

पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार, ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी मुस्कान रस्तोगी ने तीन मार्च को अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या कर दी थी।

प्राथमिकी के मुताबिक, दोनों ने शव के चार टुकड़े कर उन्हें एक ड्रम में डालकर सीमेंट भर दिया था। वारदात के बाद दोनों हिमाचल प्रदेश चले गए थे। बाद में, मुस्कान ने अपने परिजनों को अपराध की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article