NEET PG 2026 Paper Leak Fake: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट, पोस्टग्रेजुएट (NEET PG) पेपर लीक होने की खबर सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रही है। इस बीच नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने पेपर लीक की सभी अफवाहों को खारिज कर दिया है। साथ ही इस हफ्ते होने वाली नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट, पोस्टग्रेजुएट (NEET PG) परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों के लिए अलर्ट जारी किया है।
एनबीईएमएस के सोशल मीडिया अकाउंट्स जैसे ट्विटर और WhatsApp चैनल के जरिए जारी एक आधिकारिक बयान में, बोर्ड ने साफ किया कि नीट पीजी के प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का दावा करने वाले सभी Telegram, Instagram और WhatsApp चैनल फर्जी हैं।
फर्जी सोशल मीडिया हैंडल से रहें सावधान
एनबीईएमएस ने ट्वीट कर कहा कि उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क रहें और "लीक" हुए NEET-PG 2026 प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का दावा करने वाले फर्जी सोशल मीडिया हैंडल, फर्जी दावों और गुमराह करने वाले विज्ञापनों के झांसे में न आएं। ऐसे दावे झूठे और धोखाधड़ी वाले हैं और इनका मकसद उम्मीदवारों को गुमराह करना है।
कब होगी नीट पीजी की परीक्षा
नीट पीजी 2026 परीक्षा 30 अगस्त (रविवार) को आयोजित किया जाएगा। इसके एडमिट कार्ड 27 अगस्त, 2026 (गुरुवार) को जारी किए जाएंगे। परीक्षा एक पाली में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में होगी। यहां ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत 1 जुलाई 2026 को होगी। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 21 जुलाई 2026 थी। सभी उम्मीदवारों के लिए आवेदन में सुधार की अवधि 25 जुलाई से 28 जुलाई 2026 थी। यहां करेक्शन के लिए 31 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक का समय दिया गया था।
पिछली बार रद्द कर दी गई थी परीक्षा
बता दें पिछली बार नीट पीजी परीक्षा 2024 में रद्द की गई थी। यह मेडिकल प्रवेश परीक्षा 23 जून 2024 को होनी थी, लेकिन परीक्षा शुरू होने से ठीक 12 घंटे पहले यानी 22 जून 2024 की देर रात इसे रद्द कर दिया गया था। 2024 में परीक्षा रद्द करने का कारण यह बताया गया कि स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया था।
