देश

Mangaluru MRPL Explosion: रिफाइनरी में जोरदार धमाका, एक की जिंदा जलकर मौत; आठ लोग घायल

Mangaluru MRPL Explosion: कर्नाटक के मंगलुरु में MRPL की तेल रिफाइनरी में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई। हादसे में एक व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। धमाके से आसपास के घरों के शीशे टूट गए और दीवारों में दरारें आ गईं।

Image

MRPL रिफाइनरी में भीषण ब्लास्ट

Photo : PTI

Mangaluru MRPL Explosion: मंगलुरु के जोकाट्टे के पास स्थित मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) की तेल रिफाइनरी में बुधवार को जोरदार धमाका हुआ। पुलिस के मुताबिक, हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। MRPL ने भी एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। बता दें धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के कई किलोमीटर के इलाके में लोगों को भूकंप जैसे झटके महसूस हुए और आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार छा गया।

मनीष करकड़ा की हुई मौत

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मुल्की निवासी 30 वर्षीय मनीष करकड़ा के रूप में हुई है। उसका शव पूरी तरह झुलसा हुआ मिला। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

करीब ढाई घंटे बाद आग पर पाया काबू

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक MRPL ने घटना को आग लगने की घटना बताया है। कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक रूडोल्फ वी. नोरोन्हा ने बताया कि कोकर हाइड्रोट्रीटर यूनिट में हाई प्रेशर पर काम कर रहे कोल्ड सेपरेटर के फटने के बाद दोपहर करीब आग लगी। प्रभावित यूनिट को तुरंत अलग कर दिया गया और MRPL की इमरजेंसी रिस्पॉन्स एवं फायरफाइटिंग टीमों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब ढाई घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।

खिड़कियां टूटीं, दीवारों में आईं दरारें

धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के लोगों को भूकंप जैसा कंपन महसूस हुआ और वे घरों से बाहर निकल आए। कई घरों की दीवारों में दरारें आ गईं, शीशे टूट गए और घरों में रखे बर्तन नीचे गिर गए। पास के एक चर्च की छत की टाइलें भी टूटकर बिखर गईं।

धमाके की आवाज 10 से 12 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इसके बाद आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया, जो दूर-दराज के इलाकों से भी दिखाई दे रहा था। मंगलुरु, पांडेश्वर और आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

दहशत में घरों से भागे लोग

जोकट्टे, बाजपे (Bajpe), कलवारू (Kalavaru), बैकमपाडी (Baikampady), सुरथकल (Surathkal) और कटीपल्ला (Katipalla) जैसे दूर-दराज के इलाकों में भी लोगों को भूकंप जैसे झटके महसूस हुए। लोग डर के मारे अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।

दमकल की गाड़ियां मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही मंगलुरु, पांडेश्वर और आसपास के इलाकों से फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू कर दी गईं। डीवाईएफआई (DYFI) नेता मुनीर कटीपल्ला के अनुसार, घटना के बाद दहशत में आए सैकड़ों स्थानीय नागरिक जोकट्टे पंचायत भवन और रिफाइनरी परिसर के पास जमा हुए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article