असम के बारपेटा जिले से एक बड़े नाव हादसे की खबर सामने आई है। यहां ब्रह्मपुत्र नदी में एक मोटरबोट पलट गई। इस हादसे में कम से कम छह लोग लापता हैं। यह घटना जिले के रहमपुर इलाके में घटी। एसएसपी बरपेटा सुशांत बिस्वा सरमा ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर हैं। वे पुलिस के साथ मिलकर खोज और बचाव अभियान में लगी हुई हैं।
नाव पर सवार थे 22 लोग
इस बीच, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई मोटरबोट रहमपुर से बोरघुल चर जा रही थी। जिसमें करीब 22 से ज्यादा लोग सवार थे। इन्हीं में से छह लोग लापता हैं, जिनमें से चार बच्चे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने हादसे को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उनका दावा है कि मोटरबोट में लाइफ जैकेट नहीं थी।
यात्रियों ने नहीं पहनी थी लाइफ जैकेट
बारपेटा राजस्व सर्कल के फील्ड ऑफिसर ज्योतिर्मोय चौधरी ने भी इस हादसे को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब नाव 22 लोगों को लेकर रहमपुर से बोरघुल चार जा रही थी। उसी दौरान नाव कथित तौर पर एक भंवर की चपेट में आ गई और डूब गई। अधिकांश लोगों को पास को एक दूसरी नाव द्वारा बचा लिया गया। हालांकि, छह लोग अभी भी लापता हैं और उनमें से चार बच्चे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि स्थानीय लोगों ने हमें बताया कि नाव बिना किसी सुरक्षा उपाय के चल रही थी। किसी भी यात्री ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। नाव के पायलट से पूछताछ के बाद ही दुर्घटना का सटीक कारण पता चलेगा,जिसका फिलहाल इलाज चल रहा है।
चौधरी ने कहा कि लापता लोगों की पहचान मधु मिया (60), सुकुर्जन नेसा (45), अमीना परबीन (8), राहुल अमीन (7), आर्यन इस्लाम (4) और जुनुफा यास्मीन (5) के रूप में की गई है।
