SBI Special FD Scheme: अगर आप सुरक्षित निवेश के साथ अपने पैसे पर बेहतर रिटर्न पाना चाहते हैं, तो FD आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है। खासतौर पर ऐसे निवेशक, जो शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव से दूर रहकर निश्चित ब्याज कमाना चाहते हैं, उनके बीच FD काफी लोकप्रिय है। देश का सबसे बड़ा पब्लिक सेक्टर बैंक एसबीआई अपने ग्राहकों को एफडी पर आकर्षक ब्याज दरें ऑफर कर रहा है। आप ज्यादा लंबे समय तक निवेश नहीं करना चाहते हैं तो बैंक की 444 दिन की स्पेशल एफडी (Amrit Vrishti) खुलवा सकते हैं, जिसमें आपका पैसा लगभग 1 साल 3 महीने तक लॉक रहेगा। इस अवधि में आप बैंक की नॉर्मल एफडी से ज्यादा रिटर्न पा सकते हैं।
444 दिन की FD पर कितना ब्याज?
SBI की 444 दिन की स्पेशल FD में सामान्य नागरिकों को वर्तमान में 6.45 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जा रहा है। इस FD की खास बात यह है कि इसकी अवधि सामान्य छोटी अवधि वाली FD से थोड़ी ज्यादा है, लेकिन आपको कई सालों तक अपना पैसा लॉक नहीं करना पड़ता।
SBI की इस स्पेशल FD में वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य ग्राहकों की तुलना में ज्यादा ब्याज मिलता है। सीनियर सिटीजन के लिए ब्याज दर 6.95 प्रतिशत सालाना है। वहीं, सुपर सीनियर सिटीजन यानी 80 साल या उससे अधिक उम्र के ग्राहकों को 7.05 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जा रहा है। इस तरह उम्रदराज निवेशकों के लिए यह FD बेहतर ब्याज कमाने का विकल्प बन सकती है।
| निवेशक की कैटेगरी | 444 दिन की FD पर ब्याज |
|---|---|
| सामान्य नागरिक | 6.45% सालाना |
| सीनियर सिटीजन | 6.95% सालाना |
| सुपर सीनियर सिटीजन | 7.05% सालाना |
किसके लिए हो सकती है फायदेमंद?
यह FD उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, जिन्हें अपने पैसे की सुरक्षा के साथ एक निश्चित अवधि के लिए निवेश करना है। अगर आपको लगता है कि अगले 444 दिनों तक इस पैसे की जरूरत नहीं पड़ेगी, तो आप इस विकल्प पर विचार कर सकते हैं। FD में निवेश करने से पहले अपनी जरूरत, कैश फ्लो और निवेश अवधि को जरूर ध्यान में रखें।
समय से पहले पैसा निकालने पर क्या होगा?
FD को मैच्योरिटी से पहले बंद करने पर बैंक के नियम लागू होते हैं और ब्याज में कटौती या पेनल्टी लग सकती है। इसलिए निवेश करने से पहले यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि 444 दिनों तक इस रकम की तत्काल जरूरत न पड़े।
