अगर आपको पहाड़ों की ठंडी हवा से ज्यादा समुद्र की लहरें पसंद हैं, बीच पर घंटों बैठना अच्छा लगता है और छुट्टियों में कुछ बिल्कुल अलग देखना चाहते हैं, तो ऑस्ट्रेलिया आपकी यात्रा सूची में होना चाहिए। यह देश अपनी विशालता और प्राकृतिक विविधता के लिए खास है। यहां एक तरफ लंबा समुद्री किनारा है, तो दूसरी तरफ दुनिया के बेहद पॉश इलाकों में शामिल क्षेत्र भी मिलते हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - पहाड़ों में ट्रेकिंग पर जाने से पहले आप भी इन आदतों का रखें ध्यान, हर ट्रेवलर करें नोट
कहीं गुलाबी रंग की झीलें नजर आती हैं तो कहीं समुद्र के नीचे फैली विशाल कोरल रीफ दुनिया को हैरान करती है। यात्रा से जुड़ी अपनी एक वीडियो डायरी में ट्रैवल क्रिएटर तान्या खनिजोव ने ऑस्ट्रेलिया की ऐसी ही कई दिलचस्प खूबियों का जिक्र किया है। उनकी बताई बातें सुनकर समझ आता है कि यह देश केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि अलग-अलग तरह के अनुभवों का पूरा पैकेज है। अगर आपकी छुट्टी का मतलब सिर्फ होटल में आराम करना नहीं, बल्कि कुछ नया देखना और महसूस करना है, तो ऑस्ट्रेलिया काफी दिलचस्प विकल्प हो सकता है।
ऑस्ट्रेलिया में हैं हजारों समुद्र तट
ऑस्ट्रेलिया की सबसे खास बातों में से एक इसका विशाल समुद्री तट है। यहां 10,000 से ज्यादा समुद्र तट होने की बात कही जाती है। कल्पना कीजिए, अगर आप रोज एक नए बीच पर जाएं तो हर जगह घूमने में करीब 29 साल लग सकते हैं।
यानी बीच पसंद करने वालों के लिए यहां विकल्पों की कोई कमी नहीं है। कहीं शांत पानी के किनारे बैठ सकते हैं, तो कहीं लंबी तटीय सड़क पर ड्राइव करते हुए समुद्र का नजारा ले सकते हैं।
एक ही देश में रेगिस्तान और गुलाबी झील
ऑस्ट्रेलिया की खूबसूरती सिर्फ समुद्र तक सीमित नहीं है। देश के कई हिस्से बेहद सूखे हैं और यहां जंगली ऊंटों की बड़ी आबादी भी पाई जाती है। दूसरी ओर कुछ जगहों पर गुलाबी रंग की झीलें और चूना पत्थर से बनी शानदार चट्टानें देखने को मिलती हैं।
दुनिया की बड़ी कोरल रीफ में से एक
समुद्र के शौकीनों के लिए ऑस्ट्रेलिया का ग्रेट बैरियर रीफ किसी सपने से कम नहीं है। यह दुनिया की सबसे प्रसिद्ध विशाल कोरल रीफ में शामिल है और ऑस्ट्रेलिया के समुद्री जीवन की पहचान बन चुका है।
यहां समुद्र के भीतर की दुनिया को करीब से देखने का अनुभव बेहद अलग हो सकता है। रंग-बिरंगे समुद्री जीव और कोरल की दुनिया आपको कुछ देर के लिए बिल्कुल दूसरी दुनिया में पहुंचा देती है।
ऑस्ट्रेलिया उन लोगों के लिए खास हो सकता है जिन्हें एक ही यात्रा में समुद्र, वन्यजीव, जंगल, रेगिस्तान, संस्कृति और रोमांच का मिश्रण चाहिए। यहां प्रकृति हर जगह अपना अलग रूप दिखाती है।
