Maharashtra Fadnavis Cabinet Expansion: महाराष्ट्र में फडणवीस मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने मंत्री पद की शपथ ली गौरतलब है कि धनंजय मुंडे के इस्तीफे के बाद से मंत्रिमंडल में एक पद खाली था जो अब छगन भुजबल को सौंपा गया है।
राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रमुख चेहरे 77 साल के भुजबल को पिछले साल दिसंबर में मुख्यमंत्री फडणवीस के मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया था।
इससे पहले छगन भुजबल ने सोमवार रात कहा कि उन्हें मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता वाले महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। भुजबल ने कहा, 'मुझे सूचित किया गया है कि मुझे राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार सुबह 10 बजे होगा।'
राकांपा के एक वरिष्ठ नेता धनंजय मुंडे ने मार्च में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद संभावित रूप से भुजबल को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। बता दें कि भुजबल के मंत्री पद की शपथ के साथ सरकार में एनसीपी के मंत्रियों की तादाद 10 हो जाएगी अजित पवार अभी डिप्टी सीएम के रूप में हैं और उनके पास वित्त विभाग है।
