महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) से मुलाकात की और गढ़चिरौली को खनन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए केंद्रीय सहायता मांगी। फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से गढ़चिरौली एक इस्पात शहर के रूप में उभर रहा है।
किस विषय पर हुई बात?
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गढ़चिरौली को खनन केन्द्र के रूप में विकसित करने की इच्छुक है और उन्होंने प्रधानमंत्री से इस पहल के लिए केंद्रीय सहायता देने का आग्रह किया। फडणवीस ने 1-4 मई तक आयोजित होने वाले पहले विश्व दृश्य-श्रव्य एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल के रूप में मुंबई को चुनने के लिए मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने मुंबई में भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना के निर्णय के लिए भी प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
इन मुद्दों पर भी हुई बात
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री फडणवीस और पीएम मोदी के बीच गढ़चिरौली खनन केंद्र के अलावा नागपुर एयरपोर्ट, स्थानीय निकायों के वित्त आयोग के फंड सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। देश के "स्टील सिटी" के रूप में उभर रहे गढ़चिरौली में महाराष्ट्र सरकार की ओर से उठाए गए कदमों के बीच मुख्यमंत्री फडणवीस ने केंद्र सरकार से सहयोग मांगा।
