देश

राहुल गांधी ने देहरादून में मृतक कांग्रेस कार्यकर्ता अमर मेहता के परिजनों से की मुलाकात, हादसे पर जताया गहरा दुख

Rahul Gandhi Dehradun Visit: देहरादून में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान एक दुखद हादसा हो गया, जिसमें 65 वर्षीय बुजुर्ग कांग्रेस कार्यकर्ता अमर मेहता की जान चली गई। बन्नू स्कूल मैदान में टेंट लगाने के दौरान लोहे की रॉड गिरने से यह हादसा हुआ

Image

देहरादून में टेंट हादसे के बाद भावुक हुए राहुल गांधी (फोटो: X/@RahulGandhi)

Rahul Gandhi Dehradun Visit: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक बेहद भावुक और दुखद खबर सामने आई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपने एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता अमर मेहता के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की। दरअसल, राहुल गांधी के एक प्रस्तावित कार्यक्रम (छात्रों की गूंज) की तैयारियों के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में अमर मेहता का निधन हो गया था, जिसके बाद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) खुद उनके परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।

यह दुखद वाकया देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान का है, जहां शुक्रवार को राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' नाम से एक कार्यक्रम होना तय हुआ था। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए मैदान में स्टेज और टेंट लगाने का काम बड़े स्तर पर चल रहा था। इसी दौरान टेंट की संरचना से लोहे की एक भारी रॉड अचानक नीचे गिर गई। दुर्भाग्य से, वहां मौजूद 65 वर्षीय कांग्रेस कार्यकर्ता अमर मेहता (uttarakhand congress worker death) इस रॉड की चपेट में आ गए और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।

यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक-राहुल गांधी

इस घटना से दुखी राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने कहा कि देहरादून में कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुई यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने लिखा, "आज अमर मेहता जी के परिजनों से मिलकर मैंने अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। हमारे एक ऐसे समर्पित साथी का अचानक चले जाना हम सभी के लिए एक बहुत गहरा आघात है।"

स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में शोक की लहर

राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए विश्वास दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वह खुद और पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दिवंगत कार्यकर्ता को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इस घटना के बाद से स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article