देश

आज भी लोकसभा-राज्यसभा में हंगामा, शुरू होते ही स्थगित हुई कार्यवाही; संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन

मॉनसून सत्र के आखिरी हफ्ते के पहले दिन भी संसद में जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष के हंगामे के कारण एक बार फिर से लोकसभा (Lok Sabha) की कार्यवाही शुरू होते ही स्थगित हो गई।

Image

लोकसभा में विपक्ष का हंगामा

सोमवार को भी लोकसभा (Lok Sabha) और राज्यसभा (Rajya Sabha) में विपक्ष का हंगामा जारी रहा। अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के एक मिनट के भीतर दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। राज्यसभा की कार्यवाही कुछ समय के लिए चली, बाद में वो भी 12 बजे तक के लिए स्थगित हो गई।

कांग्रेस और सपा का प्रदर्शन

संसद के मानसून सत्र के चौथे सप्ताह की शुरुआत भी पिछले तीन सप्ताह की तरह ही हंगामेदार रही और आज लगातार 16वें दिन सदन में प्रश्नकाल नहीं हो सका। कार्यवाही 11 बजे शुरू होते ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के सदस्य अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के विरोध में और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर शोर-शराबा करने लगे।

आसन पर आज आरएसपी नेता एन के प्रेमचंद्रन थे जिन्होंने प्रश्नकाल शुरू कराने का प्रयास किया। सामान्य तौर पर लोकसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही के समय आसन पर अध्यक्ष ओम बिरला होते हैं। हंगामा जारी रहने पर प्रेमचंद्रन ने बैठक शुरू होने के एक मिनट के अंदर दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

विपक्ष का प्रदर्शन

कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई के मुद्दे को लेकर सोमवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कई अन्य विपक्षी नेता शामिल हुए। विपक्षी सांसदों ने चढ़ावा चोरी पर चर्चा और छात्रों पर कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के जवाब की मांग की। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। विपक्ष इन मुद्दों को संसद में लगातार उठाने की कोशिश कर रहा है। इन मुद्दों को लेकर संसद में लगातार गतिरोध बना हुआ है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article