देश

Caste Census: बिहार की तरह राजस्थान में भी कराई जाएगी जाति जनगणना, सीएम अशोक गहलोत ने किया ऐलान

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Oct 7, 2023, 06:18 AM IST

Caste Census in Rajasthan: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ऐलान किया कि बिहार की तर्ज पर राजस्थान में भी जाति जनगणना कराई जाएगी। ताकि पता चल सके किस जाति की क्या आर्थिक स्थिति है।

Image

जाति जनगणना को लेकर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने बड़ा ऐलान किया।

Caste Census in Rajasthan: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ऐलान किया कि बिहार की तरह राजस्थान में भी जाति-आधारित जनगणना कराई जाएगी। गहलोत ने शुक्रवार को जयपुर में राज्य पार्टी की बैठक के बाद मीडिया से ये बात कही। सीएम गहलोत ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस के रायपुर अधिवेशन में जाति जनगणना की व्यवस्था बनाई थी और उसी के आधार पर हम यहां भी इसे करेंगे। राजस्थान सरकार भी बिहार की तरह जाति जनगणना कराएगी। हम इस अवधारणा को लेकर चलेंगे कि जनसंख्या के अनुसार लोगों की भागीदारी होनी चाहिए। बिहार की तर्ज पर जाति आधारित जनगणना कराने के निर्देश दिए जाएंगे।

बिहार में किए गए जाति-आधारित सर्वे की रिपोर्ट 2 अक्टूबर को नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार द्वारा जारी की गई थी। कांग्रेस बिहार में सरकार की सहयोगी है। जाति आधारित जनगणना के महत्व पर जोर देते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि जब हम सामाजिक सुरक्षा की बात करते हैं तो इसे तभी लागू किया जा सकता है जब हमें पता हो कि जाति के आधार पर स्थिति क्या है। देश में अलग-अलग जातियां रहती हैं जो अलग-अलग काम करती हैं, जब हमें पता होगा कि प्रत्येक जाति की जनसंख्या कितनी है तो हम उनके लिए विशेष योजनाएं बना सकते हैं।

इससे पहले छत्तीसगढ़ में, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को कहा कि अगर कांग्रेस राज्य में दोबारा सत्ता में आती है तो बिहार की तरह ही राज्य में जाति जनगणना कराई जाएगी। प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ के कांकेर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा कि छत्तीसगढ़ में दोबारा सरकार बनी, तो बिहार की तरह हम भी राज्य में जाति जनगणना कराएंगे। बिहार सरकार ने जाति सर्वे डेटा जारी किया, जिसमें दिखाया गया है कि अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) मिलकर राज्य की आबादी का 63 प्रतिशत हिस्सा हैं।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article