Gurugram Schools Online Class: गुरुग्राम में सोमवार को हुई तेज बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। करीब एक घंटे की भारी बारिश के बाद दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे समेत कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। जलजमाव के कारण जगह-जगह ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई और कई इलाकों में स्कूल बसें, एंबुलेंस और निजी वाहन फंस गए। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार, 25 अगस्त को सरकारी और निजी स्कूलों समेत शिक्षण संस्थानों को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस फैसले का मुख्य उद्देश्य छात्रों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जलभराव के कारण सड़कों पर लगने वाले जाम को भी ध्यान में रखा गया है। इसके अलावा प्रशासन ने कॉर्पोरेट ऑफिसों को सलाह दी कि वे कर्मचारियों को मंगलवार को घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करने की अनुमति दें।
Gurugram Schools Online Class: स्कूल और शिक्षण संस्थानों को ऑनलाइन क्लास की सलाह
प्रशासन ने एडवाइजरी में बदलाव करते हुए जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को मंगलवार को ऑनलाइन क्लास चलाने का निर्देश दिया। इसके पीछे छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा और जलजमाव के कारण ट्रैफिक जाम की आशंका का हवाला दिया गया। बारिश के कारण नरसिंहपुर, हीरो होंडा चौक, राजीव चौक, इफको चौक और पुराने गुरुग्राम के कई इलाकों में जलजमाव हो गया। राजीव चौक के आसपास गाड़ियां पानी में फंसी रहीं, जबकि सोहना रोड पर भी स्कूल बसें और एम्बुलेंस जलजमाव में फंस गईं।
बारिश के चलते इन इलाकों में जलजमाव
जिला प्रशासन ने बताया कि गुरुग्राम में दोपहर 1.30 बजे तक 70 मिमी बारिश हुई। राजीव चौक, इफको चौक, रेलवे रोड, सेक्टर 5, ओल्ड दिल्ली रोड, महरौली रोड और बसई रोड उन इलाकों में शामिल थे जो बुरी तरह प्रभावित हुए। नाहरपुर अंडरपास में भी जलजमाव हो गया था। सेक्टर 47 में रेल विहार और सुभाष चौक जैसी कुछ जगहों पर स्कूल बसें कई घंटों तक फंसी रहीं, जिससे लोगों ने सोशल मीडिया पर इस स्थिति को लेकर चिंता जताई।
सड़क पर ट्रैफिक बाधित
साइबर हब के पास और गेटवे टॉवर मेट्रो स्टेशन के सामने एक्सप्रेसवे का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूबा हुआ था, जिससे मुख्य सड़क पर ट्रैफिक बाधित हुआ। इस मॉनसून में गुरुग्राम में बाढ़ की आशंका वाली जगहों में से एक के तौर पर उभरी शीतला माता रोड सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में से एक थी।
नगर निगम ने बढ़ाई निगरानी
बारिश के दौरान नगर निगम की टीमें भी जलभराव वाले इलाकों में सक्रिय रहीं। अधिकारियों ने पंपिंग की व्यवस्था चालू रखने और पानी जमा होने की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर जलनिकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित एजेंसियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण भी किया।
इनपुट: पीटीआई
