एजुकेशन

​गुजरात के CM भूपेंद्र पटेल ने की 10,000 शिक्षकों को नौकरी देने की घोषणा, 8169 विद्यासहायकों को बांटे नियुक्ति पत्र

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को 8,169 नवनियुक्त विद्या सहायकों (सहायक शिक्षकों) को नियुक्ति अनुशंसा पत्र सौंपे। इस भर्ती की एक खास बात यह रही कि चयनित उम्मीदवारों में 6,000 से अधिक महिलाएं शामिल हैं।

Image

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने 8,169 विद्यासहायकों को बांटे नियुक्ति पत्र (Image - aninews.in)

गुजरात में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे हजारों उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को 8,169 नवनियुक्त विद्या सहायकों (सहायक शिक्षकों) को नियुक्ति अनुशंसा पत्र सौंपे। गांधीनगर के पास अडालज स्थित त्रिमंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री प्रद्युम्न वाजा और शिक्षा राज्य मंत्री रिवाबा जडेजा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके व्यक्तित्व और सोच को बेहतर बनाने पर भी ध्यान देना चाहिए। इस भर्ती की एक खास बात यह रही कि चयनित उम्मीदवारों में 6,000 से अधिक महिलाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का अच्छा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर पूरी की गई है।

जल्द और 10000 शिक्षकों की भर्ती

सीएम ने यह भी बताया कि गुजरात सरकार आने वाले समय में करीब 10,000 और शिक्षकों की भर्ती करने की तैयारी कर रही है। इससे राज्य के स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।

रटने के बजाय गतिविधियों से पढ़ाएं शिक्षक

शिक्षा मंत्री प्रद्युम्न वाजा ने बताया कि राज्य सरकार ने प्राथमिक शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए करीब 12,000 विद्या सहायकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की है। इसमें गुजराती माध्यम की कक्षा 1 से 5 तक के लगभग 11,000 पद और अन्य माध्यमों के करीब 987 पद शामिल हैं।

सोशल मीडिया के इस्तेमाल में भी रखें सावधानी

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी से करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक का व्यवहार बच्चों पर गहरा असर डालता है। इसलिए उन्हें पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार, व्यवहारिक ज्ञान और जरूरी कौशल विकसित करने पर भी ध्यान देना चाहिए।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article