Kolkata woman doctor rape and murder: कोलकाता के एक अस्पताल में महिला प्रशिक्षु डॉक्टर से बलात्कार और हत्या मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि महिला डॉक्टर की हत्या करने के बाद आरोपी अपने घर लौट आया और सो गया। अगली सुबह सबूत मिटाने के लिए अपने कपड़े धो लिए। हालांकि, पुलिस को आरोपी के जूते पर खून के निशान मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी एक नगर निकाय स्वयंसेवक है, उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया था।
उधर, कोलकाता के पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल ने तीन दिन में दूसरी बार रविवार को चिकित्सा प्रतिष्ठान का दौरा किया और प्रदर्शनकारी चिकित्सकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने दावा किया कि जांच पारदर्शी है और लोगों से अफवाहें न फैलाने का आग्रह किया। गोयल ने कहा, अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी घर चला गया था और शुक्रवार सुबह देर तक सोता रहा। जागने के बाद उसने सबूत नष्ट करने के लिए अपराध के दौरान पहने हुए कपड़ों को धोया। तलाशी के दौरान उसके जूते मिले, जिन पर खून के धब्बे थे।
घटना में और किसी के शामिल होने के सबूत नहीं
यह पूछे जाने पर कि क्या इस अपराध में कोई और भी शामिल था जैसा कि कुछ लोग आरोप लगा रहे हैं, उन्होंने कहा, अभी तक इसका कोई सबूत नहीं है। पुलिस कमिश्नर गोयल ने बताया कि पुलिस अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है क्योंकि वे इसे अपनी जांच के निष्कर्षों से मिलाना चाहते हैं। एक पुलिस सूत्र ने बताया कि विशेष जांच दल (एसआईटी) के पुलिस अधिकारियों की एक टीम ने रविवार को फोरेंसिक इकाई के साथ मिलकर अस्पताल के सेमिनार हॉल से नमूने एकत्र किए।
पीड़िता के परिजनों को सौंपी गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट
पुलिस आयुक्त ने कहा, हमारे एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीड़िता के माता-पिता को पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंप दी है। प्रदर्शनकारियों के साथ हमारी बैठक सार्थक रही और हमें लगता है कि वे संतुष्ट हैं। उनकी मांग के अनुसार हमने यहां तैनात एक सहायक पुलिस अधिकारी को हटा दिया है। गोयल ने कहा कि पुलिस किसी को छिपाने की कोशिश नहीं कर रही है और जांच पारदर्शी है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही एक टोल-फ्री नंबर शुरू करेंगे, जिस पर लोग सुझाव या शिकायत दर्ज करा सकेंगे। हालांकि प्रदर्शनकारी जूनियर डॉक्टरों ने कहा कि वे तब तक अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे जब तक वे पूरी तरह से संतुष्ट नहीं हो जाते और उनकी सुरक्षा से संबंधित मांगों पर ध्यान नहीं दिया जाता। गोयल के साथ बैठक के बाद एक जूनियर डॉक्टर ने बताया कि सभी आपातकालीन और गैर-आपातकालीन सेवाओं में काम बंद रहेगा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपराधी के लिए मृत्युदंड की मांग करने की है।
