Bihar Student Protest: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को बिहार के छात्रों के साथ पुलिसिया कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा और सवाल किया कि इनकी टूटी हड्डी तो जुड़ जाएगी। क्या इनका टूटा हुआ सपना आप लौटा सकते हैं?
सरकार पर बरसे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पुलिसिया कार्रवाई के चलते जख्मी हुए छात्रों से मुलाकात का वीडियो साझा किया। उन्होंने कहा, ''सोचिए, ऐसा क्या गुनाह किया था इन बच्चों ने कि इन्हें गोली मार दी गई? इन्होंने सरकार से सिर्फ तीन चीजें मांगी थीं- शिक्षा, रोजगार, और जवाबदेही।''
उन्होंने कहा कि एक छात्र के पैर की हड्डी एके-47 की गोली से टूट गई। सेना में जाकर देश की सेवा करने का उसका सपना भी उसी के साथ चला गया। दो और छात्रों के कंधों को गोली चीरती हुई निकल गई। ये अपराधी नहीं थे। ये गरीब घरों के वो बच्चे थे, जो अपने परिवार के सपने लेकर पढ़ने निकले थे - किसी को अच्छी नौकरी चाहिए थी, किसी को अपने घर के हालात बदलने थे।
'बच्चों के भीतर बैठे डर का किस अस्पताल में होता है इलाज?'
राहुल गांधी ने कहा कि गोली के घाव भर जाएंगे, पर जो डर इन बच्चों के भीतर बैठ गया है, उसका इलाज किस अस्पताल में होता है? प्रधानमंत्री जी, मुख्यमंत्री जी - इनकी टूटी हड्डी तो जुड़ जाएगी। क्या इनका टूटा हुआ सपना आप लौटा सकते हैं?
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'AK-47 से गोली मारकर पैर तोड़ा और सेना में जाने का सपना भी', बिहार के युवाओं से मिलने के बाद राहुल गांधी ने सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने छात्रों को दिया समर्थन
इससे पहले, राहुल गांधी ने 3 सितंबर को इन छात्रों के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा की थी। उन्होंने कहा था कि बिहार सरकार कुछ भी कर ले मैं इन युवाओं के साथ खड़ा हूं। इनकी हर संभव मदद करने को तैयार हूं।
