दक्षिण अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 48 रन से हराकर नामीबिया टी20 ट्राई सीरीज जीत लिया। जिम्बाब्वे के सामने जीत के लिए 206 रन का मुश्किल लक्ष्य था, लेकिन जिम्बाब्वे की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 18 ओवर में केवल 157 रन बनाकर ढेर हो गई। जिम्बाब्वे की ओर से ब्रेड इवांस ने सर्वाधिक 56 रन की पारी खेली। इवांस ने 9वें विकेट के लिए 52(28) रन की साझेदारी कर कुछ हद तक लड़ाई की, लेकिन यह जीत के लिए काफी नहीं थी। दक्षिण अफ्रीका की ओर ब्योर्न फोर्टुइन ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए जबकि इथान बॉश और डुवान यान्सेन ने 2-2 विकेट चटकाए।
इससे पहले साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। साउथ अफ्रीका की ओर से पारी की शुरुआत जॉर्डन हरमन और कॉनर एस्टरहुइज़ेन ने की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.5 ओवर में 84 रन की साझेदारी की। उसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवाए। चौथे विकेट के लिए डेवाल्ड ब्रेविस और रूबीन हरमन ने 47(24) रन की साझेदारी की। ब्रेविस ने 32 रन की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका की ओर से जॉर्डन हरमन ने सर्वाधिक 53 रन की पारी खेली।
आखिर के कुछ ओवर में डुवान यान्सेन ने तेजी से रन बनाए। उन्होंने 14 गेंद में 23 रन की पारी खेली, जिसके दम पर दक्षिण अफ्रीका की टीम 200 रन के पार पहुंच पाई। 20 ओवर में उसने 5 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए। जिम्बाब्वे की ओर से न्यूमेन न्यामुहरी और ब्रेड इवांस ने 2-2 विकेट चटकाए।
