Kerala Election: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने शनिवार को केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की सरकार बनने पर पांच बड़ी गारंटी योजनाएं लागू करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि अगर गठबंधन सत्ता में आता है तो महिलाओं, छात्रों, छोटे कारोबारियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की जाएंगी।
सभी महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की मिलेगी सुविधा: कांग्रेस
राहुल गांधी ने घोषणा की कि राज्य में सभी महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा कॉलेज जाने वाली छात्राओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि उनकी पढ़ाई में आर्थिक बाधा न आए।
नई स्वास्थ्य बीमा योजना की होगी शुरुआत
उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा वेलफेयर पेंशन को बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रति माह किया जाएगा। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी (Oommen Chandy) के नाम पर एक नई स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत हर परिवार को 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिलेगा।
राहुल गांधी ने छोटे कारोबारियों को राहत देने के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त ऋण देने का भी वादा किया। इसके अलावा राज्य में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए एक अलग मंत्री नियुक्त करने की भी बात कही।
कांग्रेस नेता ने ये घोषणाएं ‘पुथुयुग यात्रा’ के समापन कार्यक्रम के दौरान कीं, जो तिरुवनंतपुरम में आयोजित हुआ था। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य राज्य में सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना और आम लोगों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाना है।
इन 6 गारंटी योजनाओं का किया ऐलान
- सभी महिलाओं को केरल सरकार(KSRTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
- कॉलेज जाने वाली छात्राओं को हर महीने ₹1,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि उनकी पढ़ाई में आर्थिक बाधा न आए।
- राज्य में वेलफेयर पेंशन बढ़ाकर ₹3,000 प्रति माह कर दी जाएगी।
- पूर्व मुख्यमंत्री Oommen Chandy के नाम पर ₹25 लाख तक की स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की जाएगी।
- युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए ₹5 लाख तक का ब्याज-मुक्त लोन दिया जाएगा।
- वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए एक अलग मंत्रालय बनाया जाएगा, जो बुजुर्गों से जुड़े मामलों को देखेगा।
अमेरिका के पास भारत का डाटा: राहुल गांधी
केरल की जनता को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री से भारतीय डेटा हासिल किया है। भारत की सबसे मूल्यवान संपत्ति डेटा है, जो हम उत्पन्न करते हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) पर कोई भी चर्चा डेटा पर आधारित होनी चाहिए, और हमारे 1.4 अरब लोग दुनिया में सबसे अधिक डेटा उत्पन्न करते हैं। इसमें चिकित्सा डेटा, लोगों की आवाजाही का डेटा और संचार डेटा शामिल है। इन सभी को प्रधानमंत्री मोदी ने मंजूरी दे दी है। और अंत में, उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को वादा किया है कि हम हर साल संयुक्त राज्य अमेरिका से अरबों डॉलर का आयात करेंगे।
