देश

Karnataka Sex Scandal: प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ 'ब्लू कॉर्नर नोटिस' जारी करने की तैयारी, कर सकते हैं सरेंडर

Prajwal Revanna Sexual Assault Case: प्रल्वल रेवन्ना के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, मामले की जांच कर रही एसआईटी ने सीबीआई से प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने का अनुरोध किया है, इसको लेकर एसआईटी के अधिकारियों ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को भी सूचित कर दिया है।

Image

प्रज्वल रेवन्ना

Photo : Twitter

Prajwal Revanna Sexual Assault Case: कर्नाटक सेक्स वीडियो कांड के मुख्य आरोपी व हासन से सांसद प्रज्वल रेवन्ना जल्द ही सरेंडर कर सकते हैं। इस बात के संकेत जद-एस के एक वरिष्ठ नेता की ओर से दिए गए हैं। उन्होंने कहा है कि फरार चल रहे प्रज्वल रेवन्ना भारत लौट सकते हैं, जिसके बाद उनके अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने की संभावना है। बता दें, यह खबर तब सामने आई है जब शनिवार को इसी मामले में एसआईटी ने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के बड़े बेटे व आरोपी प्रज्वल रेवन्ना के पिता एचडी रेवन्ना को गिरफ्तार किया था।

जद-एस नेता और पूर्व मंत्री सीएस पुट्टाराजू ने बताया कि हासन से मौजूदा जद-एस सांसद प्रज्वल रेवन्ना के भारत आकर आत्मसमर्पण करने की संभावना है। हालांकि, पुट्टाराजू ने यह खुलासा नहीं किया कि कथित तौर पर देश से भाग चुके प्रज्वल रेवन्ना कब भारत आएंगे और आत्मसमर्पण करेंगे। दरअसल, प्रज्वल रेवन्ना के सेक्स वीडियो वायरल होने के बाद वह राजनयिक पासपोर्ट पर जर्मनी चले गए थे, तब से वह फरार चल रहे हैं।

ब्लू कॉर्न नोटिस जारी करने की तैयारी

उधर, प्रल्वल रेवन्ना के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, मामले की जांच कर रही एसआईटी ने सीबीआई से प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने का अनुरोध किया है, इसको लेकर एसआईटी के अधिकारियों ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को भी सूचित कर दिया है। इस बाबत कर्नाटक सीएम ऑफिस की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि हम उचित उपायों के साथ प्रज्वल रेवन्ना की गिरफ्तारी के प्रयास करेंगे। सीबीआई द्वारा ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की संभावना है, जिससे जांच में तेजी आएगी। बयान में कहा गया है कि एसआईटी अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि हवाई अड्डों से सूचना मिलते ही वे आरोपी को गिरफ्तार कर वापस ले आएंगे।

एसआईटी रखे हुए है हर गतिविधि पर नजर

इस बीच, एसआईटी कथित तौर पर हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में प्रज्वल रेवन्ना की गतिविधि पर नजर रखे हुई है। वहीं, एचडी रेवन्ना को होलेनरासीपुर टाउन पुलिस स्टेशन में दर्ज यौन उत्पीड़न मामले में मुख्य आरोपी के रूप में नामित किया गया है। उन पर उनके बेटे से जुड़े सेक्स वीडियो मामले की एक पीड़िता का अपहरण करने का आरोप है। यह महिला एच.डी.रेवन्ना केआवास में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। इस मामले की जांच अब एसआईटी कर रही है। शनिवार को एसआईटी ने अपहृत महिला को एच.डी.रेवन्ना के पीए के एक फार्महाउस से ढूंढ निकाला। मैसूरु जिले में रेवन्ना के पीए के कबूलनामे से पूर्व जद-एस मंत्री और उनके बेटे के खिलाफ मामला और मजबूत होने की संभावना है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article