Kalyan Banerjee Bengali Bihari Remarks: छठ पूजा के मौके पर पश्चिम बंगाल के हावड़ा रेलवे स्टेशन की खास सजावट की गई है। हालांकि, यह सजावट टीएमसी के सांसद कल्याण बनर्जी को रास नहीं आ रही है। सवाल उठाया है कि दुर्गा पूजा के दौरान हावड़ा रेलवे स्टेशन को इसी तरह क्यों नहीं सजाया जाता। इतना ही नहीं उन्होंने बिहार के लोगों को लेकर विवादित टिप्पणी भी की। बता दें कि हावड़ा स्टेशन पर छठ पूजा को लेकर लाल कालीन बिछाई गई और यात्रियों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए।
'बंगाल बंगालियों का है या बिहारियों का?'
कल्याण बनर्जी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए पूछा कि जब दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में बंगाली यात्री हावड़ा स्टेशन से आते-जाते हैं, तब स्टेशन को इस तरह क्यों नहीं सजाया जाता? उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में बंगालियों को हाशिये पर धकेला जा रहा है और दूसरे समुदायों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
टीएमसी सांसद ने हावड़ा रेलवे स्टेशन की सजावट पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ दिन पहले जब वह राजधानी आ रहे थे, तब स्टेशन की सजावट देखकर हैरान रह गए। उन्होंने कहा, 'मैंने खुद देखा है। कुछ दिन पहले मैं राजधानी आ रहा था और हावड़ा स्टेशन देखकर हैरान रह गया। दुर्गा पूजा के दौरान स्टेशन को इस तरह से नहीं सजाया जाता।"
उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में बंगाली अब दूसरे दर्जे के नागरिक बन गए हैं और आने वाले दिनों में उनकी स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने आगे कहा, 'क्या सनातन धर्म का पालन करने का मतलब बंगालियों को बाहर निकालना और उग्र बिहारियों को स्थापित करना है?"
बंगालियों की स्थिति हो रही खराब: कल्याण बनर्जी
उन्होंने आगे दावा किया कि बीजेपी बंगाली समुदाय को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग बंगाल में बदलाव चाहते थे, उन्हें अब देखना चाहिए कि बंगालियों की स्थिति क्या हो गई है। उन्होंने इस कथित बदलाव के लिए 'उग्र बिहारियों' और 'उग्र हिंदुओं' को जिम्मेदार ठहराया। बता दें कि कल्याण बनर्जी ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट शेयर किए, जिसमें वो ये सारी बंगाली भाषा में कहते हुए सुनाई दे रहे हैं।
'कलकत्ता हाई कोर्ट में गैर बंगालियों का हो रहा कब्जा'
उन्होंने दावा किया कि बंगाल में गैर-बंगालियों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने कहा, 'अचानक हर जगह बिहारियों का कब्जा हो गया है। हर जगह गैर-बंगालियों का कब्जा हो गया है। यहां तक कि कलकत्ता हाई कोर्ट में भी वकीलों के तौर पर गैर-बंगालियों का पूरी तरह कब्जा हो रहा है।'
