Conman Kiran Bhai Patel posed himself as PMO Official: जेड प्लस सिक्योरिटी कवर, बुलेटप्रूफ महिंद्रा स्कॉर्पियो एसयूवी और फाइव स्टार होटल में आधिकारिक आवास आदि...ये वो चीजें हैं, जिन्हें एक चालबाज ठग ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का अफसर बताकर हासिल कर लिया था। यह पूरा मामला जम्मू और कश्मीर का है, जहां पर गुजरात से मूल रूप से ताल्लुक रखने वाले किरण भाई पटेल नाम के इस कॉनमैन (ठग) ने जम्मू और कश्मीर प्रशासन को धोखे में रख उसके सुरक्षा ढांचे और सुविधाओं का आनंद उठाया।
हालांकि, जब 10 दिन पहले उसकी गिरफ्तारी हुई और पूरे मामले का भंडाफोड़ हुआ तो पूरा प्रशासनिक अमला सन्न रह गया। वैसे, उसकी गिरफ्तारी को पुलिस ने गोपनीय मसला ही रखा। गुरुवार (16 मार्च, 2023) को जब उसे मजिस्ट्रेट ने न्यायिक हिरासत में भेजा तब उसके अरेस्ट होने की बात निकलकर सामने आई। फिलहाल यह साफ नहीं है कि उसके खिलाफ एफआईआर गिरफ्तारी के दिन दर्ज हुई थी या फिर उसमें किसी प्रकार की देरी हुई।
इस बीच, मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि पटेल ने खुद को पीएमओ में स्ट्रैटेजी और कैंपेन्स का एडिश्नल डायरेक्टर बताया था। माइक्रो ब्लॉगिंग मंच टि्वटर पर उसका वेरिफाइड अकाउंट भी है और वहां उसके हजारों फॉलोअर्स भी हैं, जिनमें बीजेपी गुजरात के महासचिव प्रदीप सिंह वघेला भी हैं। पटेल ने टि्वटर पर कुछ वीडियो भी शेयर किए थे, जिन्हें उसने अपनी "ऑफीशियल विजिट" करार दिया था और इन क्लिप्स में वह पैरामिलिट्री के गार्ड्स के इर्द-गिर्द नजर आया था।
पटेल के टि्वटर बायो में इस बात का दावा किया गया कि उसके पास वर्जीनिया की कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी से पीएचडी और आईआईएम त्रिची से एमबीए की डिग्रियां हैं। साथ ही वह कंप्यूटर साइंस में एमटेक और कंप्यूटर इंजीनियरिंग में बीई होल्डर है। उसने खुद को इसके अलावा विचारक, रणनीतिकार, विश्लेषक और कैंपेन मैनेजर बताया था। यह कॉनमैन सबसे पहले फरवरी में घाटी पहुंचा था। सूत्रों के हवाले से कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया कि उसने वहां के अफसरों के साथ बैठकें की थीं, जिनमें उसने गुजरात से वहां पर पर्यटन लाने की बात कही थी।
