जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के कालाकोट के सियालसूई क्षेत्र के मुहू गांव में अचानक आई बाढ़ और बारिश के कारण तेज बहाव में तीन बच्चे बह गए, जिनमें से दो की मौत हो गई। एक बच्ची को स्थानीय लोगों ने समय रहते बचा लिया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 14 साल के रकाफत अली पुत्र मोहम्मद शबीर और 11 साल की सफीना कौसर पुत्री मोहम्मद कबीर के रूप में हुई है। वहीं, रकाफत की बहन 13 साल की फरजाना कौसर को ग्रामीणों ने बहाव में बहने से ऐन वक्त पर बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे गांव के पास स्थित नाले के किनारे मवेशी चरा रहे थे, तभी ऊपरी इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण नाले में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया। बहाव इतना तेज था कि बच्चे संभल नहीं पाए और रकाफत तथा सफीना उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव का प्रयास किया, लेकिन दोनों को नहीं बचाया जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही कालाकोट विधायक, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और सेना के जवान मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।प्रशासन ने मानसून के इस खतरनाक दौर में लोगों से अपील की है कि वे उफनते नालों और जल निकायों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचित करें।
बता दें कि मानसून के समय भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसी समस्या का डर बना रहता है। खासकर पहाड़ी इलाकों में बार-बार इससे बचने की अपील की जाती है।
