देश

भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्री कौन? इस सवाल पर जयराम रमेश ने लिया इस PM का नाम, पटेल पर भी बोले

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक साक्षात्कार के दौरान जवाहर लाल नेहरू से लेकर सरदार पटेल और पीएम मोदी तक पर बड़ी बेबाकी से अपनी राय रखी है। इसके साथ ही उन्होनें अपनी पसंद और राजनीति में एंट्री के बारे में भी विस्तार से बताया।

Image

जयराम रमेश

Photo : PTI

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्री बताया है। इसके साथ ही उन्होंने सरदार पटेल को ऐसा 'सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्री' बताया जो देश को नहीं मिल सका। समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ एक साक्षात्कार के दौरान उन्होंने यह टिप्पणी की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी तीखी टिप्पणियां कीं।

देश का सर्वश्रेष्ठ पीएम कौन?

साक्षात्कार के दौरान जब रैपिड फायर राउंड में जयराम रमेश से विभिन्न मुद्दों पर एक-एक शब्द में जवाब देने को कहा गया। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्री कौन रहा,इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि निस्संदेह जवाहरलाल नेहरू। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि भारत को ऐसा कौन-सा सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्री नहीं मिल सका,इस पर उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल का नाम लिया।

जयराम रमेश का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारतीय राजनीति में नेहरू और पटेल की विरासत को लेकर बहस लगातार जारी रहती है। कांग्रेस जहां नेहरू को आधुनिक भारत की नींव रखने वाला नेता मानती है, वहीं भाजपा और उससे जुड़े संगठन अक्सर सरदार पटेल की भूमिका को अधिक प्रमुखता से सामने रखते रहे हैं। ऐसे में रमेश का यह बयान राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा को जन्म दे सकता है।

पीएम मोदी और अमित शाह पर की विवादित टिप्पणी

वहीं, साक्षात्कार के दौरान जयराम रमेश ने आरएसएस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरएसएस के लोगों को 'धोखेबाज राष्ट्रवादी'करार दिया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उन्होंने 'झूठ का उस्ताद' करार दिया। इस दौरान जब जयराम रमेश से गृह मंत्री अमित शाह के बारे में पूछा गया तो उन्होंने शाह को 'धोखेबाज और शेखी बघारने वाला'व्यक्ति बताया।

    कौन सा पद रहा पसंद? जानें इस सवाल पर क्या बोले जयराम

    आगे जब कांग्रेस नेता से पूछा गया कि उन्हें अपने पूर्व पदों में से कौन-सी भूमिका सबसे अधिक पसंद रही-पर्यावरण मंत्री या ग्रामीण विकास मंत्री की तो उन्होंने पर्यावरण मंत्री के तौर पर काम करने को अपनी पसंदीदा भूमिका बताया। इसी तरह,कांग्रेस संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों की तुलना करते हुए उन्होंने किसी राज्य के एआईसीसी प्रभारी की भूमिका के बजाय पार्टी के संचार प्रभारी की जिम्मेदारी को अधिक पसंद बताया। उन्होंने कहा कि संचार के क्षेत्र में काम करना उन्हें अधिक चुनौतीपूर्ण और प्रभावी लगता है।

    मुझे लिखना पसंद है- जयराम रमेश

    जब उनसे पूछा गया कि वे खुद को लेखक,रणनीतिकार या पर्यावरण संरक्षणवादी के रूप में किस पहचान से देखना पसंद करते हैं, तो रमेश ने कहा कि ये सभी उनकी शख्सियत के अलग-अलग पहलू हैं। उन्होंने कहा कि मुझे लिखना पसंद है। शोध करना और अभिलेखों का अध्ययन करना अच्छा लगता है। जिन विषयों पर मैंने लिखा,उनसे मुझे बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। साथ ही मुझे सांसद के रूप में काम करना और पर्यावरण से जुड़े मुद्दे उठाना भी पसंद है।

    राजीव गांधी ने कराई राजनीति में एंट्री

    साक्षात्कार के दौरान अपने राजनीतिक सफर के बारे में भी उन्होंने विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी उनकी राजनीति का सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत हैं। जयराम रमेश ने बताया कि उनकी पूर्णकालिक राजनीति में एंट्री पूरी तरह राजीव गांधी की वजह से हुई। उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरह गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से आता हूं। राजीव गांधी ने ऐसे अनेक युवाओं को आगे बढ़ने का मौका दिया। उन्होंने हमें प्रेरित किया और राजनीति में आने का आत्मविश्वास दिया। मेरे लिए वही प्रेरणा थे और वही इस यात्रा की शुरुआत थे।

    उन्होंने कहा कि जब वे सैम पित्रोदा के साथ विभिन्न प्रौद्योगिकी परियोजनाओं पर काम करते थे तभी उनका संपर्क राजीव गांधी से हुआ। उन्होंने कहा कि 1989 में कांग्रेस की चुनावी हार के बाद 1990 के आसपास उनकी और सैम पित्रोदा की राजीव गांधी से बातचीत हुई थी। उस समय राजीव गांधी ने उन्हें कांग्रेस के लिए पूर्णकालिक रूप से काम करने का सुझाव दिया था क्योंकि पार्टी आगामी चुनावों की तैयारी कर रही थी उन्होंने कहा कि यहीं से मेरी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत हुई और उसके बाद मैं लगातार कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़ा रहा। आज मैं 35 सालों से कांग्रेस के साथ हूं।

    Shiv Shukla
    शिव शुक्लाauthor

    शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

    और पढ़ें
    End of Article