Kharge Health Condition: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पेसमेकर की सर्जरी के एक दिन बाद गुरुवार को कहा कि उनका जल्द ही काम पर लौटने का इरादा है। 83 वर्षीय खरगे को मंगलवार को शहर के एम एस रमैया अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बुधवार को उन्हें पेसमेकर लगाया गया। उनके बेटे प्रियांक खरगे ने कहा कि उनके पिता की हालत स्थिर है और वह ठीक हैं।
खरगे ने क्या कुछ कहा?
कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद देता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा इरादा जल्द ही अपना काम शुरू करने का है।’’ चिकित्सकों ने खरगे को सर्जरी के बाद आराम करने की सलाह दी है।
PM मोदी ने खरगे से की बात
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से बात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पीएम मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘खरगे जी से बात की। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उनके स्वस्थ्य रहने और दीर्घायु होने की कामना करता हूं।’’
कैसी है खरगे की तबियत?
प्रियांक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को पेसमेकर लगाने की सलाह दी गई थी और उन्हें तय प्रक्रिया के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर है और वह बेहतर महसूस कर रहे हैं। आपकी चिंता और शुभकामनाओं के लिए आप सभी का आभारी हूं।’’ बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि खरगे की हालत स्थिर है और किसी को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
सिद्दारमैया ने की मुलाकात
मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने खरगे से अस्पताल जाकर मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। खरगे राज्यसभा में विपक्ष के नेता भी हैं।
