देश

'बात सीट की नहीं...' अखिलेश यादव को कांग्रेस को क्यों लिखना पड़ा खुला पत्र? बोले- तैयारी 806 सीटों के बराबर

Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव ने सीटों को लेकर एक ठोस प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने लिखा कि आपकी टीम की तरफ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर आज बात हो गई है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें।

Image

अखिलेश यादव (फोटो साभार- PTI)

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में उन्होंने कांग्रेस के साथ गठबंधन, सीट समायोजन, पीडीए और भाजपा को हराने की रणनीति पर विस्तार से अपनी बात रखी है। अखिलेश यादव का यह ट्वीट यूपी की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। अखिलेश यादव ने लिखा है कि इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर, देश को गलत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि आप और हम जन-अपेक्षाओं व वास्तविकताओं को समझकर गंभीर विचार-विमर्श करें, जिससे अधिकांश सीटों पर अपने गठबंधन की जीत सुनिश्चित हो। जितनी सीटें आप-हम लड़ें, उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों। जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी, क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी।

'सीट बंटवारा नहीं सीट समायोजन करेंगे'

अखिलेश यादव ने सीटों को लेकर एक ठोस प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने लिखा कि आपकी टीम की तरफ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर आज बात हो गई है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें। फिर मिल बैठकर देखेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा कैंडिडेट जीतने की पोजिशन में है। हो सकता है कि हम अपने आंकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई जीतने वाली सीटों के बारे में भी बताएं, जिन पर उन्होंने किसी कारणवश विचार ही नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश तो ये है कि जब बड़े नेता बैठें तो सभी सीटों पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में बात हो, न कि कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के रूप में। और सबसे अच्छी और सकारात्मक परिणाम देने वाली बात तो ये होगी कि हम लोग अपने प्रत्याशी को पीडीए प्रत्याशी के रूप में प्रस्तुत करें। अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि जिस प्रकार लोकसभा में आपके संगठन ने पीडीए के साथ पूरी तरह सहयोग किया, वो सदैव सराहनीय रहेगा, क्योंकि उसने ही मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा को धूल चटाई थी। अब इस बार भी हम लोग मिलकर उप्र में और फिर केंद्र में भी भाजपा को हराएंगे।

UP में गठबंधन पर अखिलेश का बड़ा बयान

उन्होंने कहा कि जमीनी सर्वेक्षणों से ये बात साफ हो गई है कि हर शहर, मोहल्ले, गली व गांव तक ये बात पहुंच गई है कि जो पीड़ित है, वो पीडीए है। इसीलिए पूरे प्रदेश के हर समाज, हर वर्ग के पीड़ित, दुखी, अपमानित भाजपा के खिलाफ लामबंद हो गये हैं, क्योंकि उन सबको ये विश्वास है कि PDA ही NDA को हराएगा और पीडीए ही परिवर्तन लायेगा। अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे को लेकर अपनी सोच साफ की। उन्होंने लिखा कि सच तो ये है कि हम नहीं चाहते हैं कि सीट का बंटवारा हमारे-तुम्हारे के भाव से हो, हम तो इसे बंटवारा नहीं, सीट समायोजन कहना चाहते हैं। कठिन समीकरण वाली सीटों पर हम मिलकर कम-से-कम दो प्रत्याशियों पर विचार-विमर्श करके जिसकी अधिक संभावना दिखेगी, उसे चुनकर मिलजुल के जिताएंगे।

उन्होंने कहा कि हम नहीं चाहते हैं कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपे जाएं, बल्कि सहमति से तय किये जाएं, तब ही आपके-हमारे वोट आपस में ट्रांसफर होकर हम लोगों की जीत को सुनिश्चित करेंगे और कल को हम मिलकर कह सकेंगे कि हम लोगों ने तो पहले ही कहा था: बात सीट की नहीं, जीत की है। अखिलेश यादव ने लिखा कि आपका-हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है। नये हालातों और समीकरण में उसके लिए हमें-आपको कुछ लोगों को एडजस्ट और एकमोडेट करना पड़ेगा। एक-दो लोग ऐसे भी होंगे, जिनसे आपने और हमने चुनाव लड़ाने का वादा किया होगा, लेकिन वास्तविक परिस्थितियों को देखते हुए दो-चार सीटों पर बदलाव भी करने पड़ेंगे।

'तैयारी 806 सीटों के बराबर की'

उन्होंने भावी प्रत्याशियों से भी अपील की। उन्होंने कहा कि भावी प्रत्याशियों को भी ये समझना होगा कि हर सीट महत्वपूर्ण है, अगर किसी को सीट नहीं मिल पा रही है या मनचाही सीट नहीं मिल रही है तो निराश न हों, अगर उनके दल के बड़े नेता ने कुछ फेरबदल या बदलाव किया है तो उसके पीछे सोच सरकार बनाने की है और सरकार बन गई तो सबको सम्मान-स्थान मिल जाएगा। हर बड़ा नेता अपनी बात का मान खुद रखेगा, इतना विश्वास तो अपने नेताओं पर लोगों को रखना ही पड़ेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि इस तरह जो चुनाव लड़ा जाएगा, उसमें आपका-हमारा संगठन मिलकर कहेगा कि हम दोनों के मिलने से हमारी तैयारी 806 सीटों के बराबर की है।

अंत में उन्होंने लिखा कि देश की जनता खासतौर से किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएं, छोटे से लेकर बड़ा व्यापारी, सच्चे अधिकारी, कर्मचारी और संपूर्ण प्रगतिशील-पंथनिरपेक्ष व उत्पीड़ित पीडीए समाज आपकी और हमारी तरफ बड़ी उम्मीद से देख रहा है। आपसी समायोजन से कोई भूल किये बिना हम देश का नया इतिहास लिखने के कगार पर हैं। हम सौहार्द और सूझबूझ से ये कर भी दिखाएंगे, इसी आशा के साथ आप-हम सीट की जगह जीत के समीकरण पर विचार करें, जिससे हम जीतें और उप्र में अपनी सरकार आए और फिर दिल्ली में भी और देश का भविष्य संवारने में हम लोगों का योगदान हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाए।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article