देश

कर्नाटक में होने वाला है नेतृत्व परिवर्तन? सिद्दारमैया बोले- आलाकमान जो भी फैसला करेगा, हमें उसका पालन करना होगा

Karnataka Leadership Change Row: कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर एक बार फिर से राजनीतिक अटकलें उस वक्त तेज हो गईं जब कुछ कांग्रेस नेताओं ने डीके शिवकुमार को एक दिन मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठते देखने की इच्छा जाहिर की। इस मामले में मुख्यमंत्री सिद्दारमैया की भी टिप्पणी सामने आई हैं।

Image

मुख्यमंत्री सिद्दारमैया (दाएं) और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार (फाइल फोटो)

Karnataka Leadership Change Row: कर्नाटक कांग्रेस में अंतर्कलह समाप्त होने का नाम ही नहीं ले रही है। सोते-जागते कोई-न-कोई कांग्रेसी नेता डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी में बैठते देखने की अपनी इच्छा जाहिर कर ही देता है। पिछले कुछ समय से यह मुद्दा लगभग नदारद हो गया था, लेकिन कुनिगल विधायक एचडी रंगनाथ सहित कुछ कांग्रेसियों ने शिवकुमार के समर्थन में बयानबाजी कर दी जिसके बाद मुख्यमंत्री सिद्दारमैया को इस मामले में टिप्पणी करनी पड़ी।

नेतृत्व परिवर्तन की फिर छिड़ी बहस

कर्नाटक विधानसभा में कुनिगल से कांग्रेस विधायक एच डी रंगनाथ ने बुधवार को राज्य में संभावित नेतृत्व परिवर्तन की बहस को फिर से हवा देते हुए कहा कि वह अपने 'राजनीतिक गुरु' उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को एक दिन मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठते देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान को 2023 में 224 सदस्यीय विधानसभा में 140 सीटों के साथ कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने में शिवकुमार की भूमिका को मान्यता देनी चाहिए।

रंगनाथ ने कहा कि मेरे लिए, मेरे राजनीतिक गुरु शिवकुमार हैं। हमने देखा है कि उन्होंने किस तरह समाज सेवा की, प्रशासनिक कौशल हासिल किया और विकास कार्य किए। वह उप मुख्यमंत्री के रिश्तेदार हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आज हर नेता कहता है कि कांग्रेस को (कर्नाटक विधानसभा में) 140 सीटें उनके (शिवकुमार) प्रयासों से मिलीं। इसलिए पार्टी आलाकमान को उनके लिए उचित स्थान और सम्मान तय करना चाहिए।’’

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, रंगनाथ से जब पूछा गया कि क्या शिवकुमार इस साल नवंबर में मुख्यमंत्री बनेंगे तो जवाब में उन्होंने कहा कि वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है। विधायक ने कहा कि यह फैसला आलाकमान पर छोड़ दिया गया है।

सिद्दारमैया का आया बयान

सिद्दारमैया ने बुधवार को एक बार फिर स्पष्टता के साथ कहा कि वह पूरे पांच साल मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि मैं पूरे पांच साल तक मुख्यमंत्री पद पर रहूंगा। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह अगले साल मैसुरु में दशहरा के दौरान पुष्पार्चन करेंगे। मैसुरु में शाही दशहरा समारोह के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा पुष्पार्चन करने की परंपरा होती है। उन्होंने यह भी कहा कि वह पार्टी आलाकमान के निर्देशों का पालन करेंगे। सिद्दारमैया ने कहा, ‘‘आलाकमान जो भी फैसला करेगा, हमें उसका पालन करना होगा।’’

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article