महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता शरद पवार के एनडीए में शामिल होने की अटकलों के बीच अजित पवार गुट के नेता और मंत्री छगन भुजबल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि शरद पवार एनडीए में शामिल होंगे। हालांकि, किसी खास मुद्दे पर अगर उन्हें केंद्र सरकार का रुख सही लगता है तो वे उसका समर्थन कर सकते हैं।
छगन भुजबल ने कहा कि शरद पवार के एनडीए में जाने की चर्चाएं बार-बार मीडिया में आती रहती हैं, लेकिन यह उनका निजी मत है कि पवार साहेब NDA में नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा, "मुझे खुद को नहीं लगता कि शरद पवार साहेब NDA में जाएंगे। यह मेरा अपना मत है।"
मुद्दों के आधार पर केंद्र सरकार का कर सकते हैं समर्थन
भुजबल ने साफ किया कि एनडीए में शामिल होने और किसी मुद्दे पर केंद्र सरकार का समर्थन करने में अंतर है। उनके मुताबिक, अगर शरद पवार को किसी विषय पर लगता है कि केंद्र सरकार का फैसला सही है और उस पर मदद की जानी चाहिए, तो वे समर्थन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक शरद पवार खुद कोई फैसला नहीं लेते, तब तक उनके राजनीतिक रुख को लेकर सिर्फ चर्चाएं ही होती रहेंगी। इस बारे में निश्चित तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता।
परिसीमन बिल पर भी दिया संकेत
परिसीमन (Delimitation) बिल को लेकर शरद पवार के संभावित समर्थन पर पूछे गए सवाल के जवाब में भी छगन भुजबल ने यही बात दोहराई। उन्होंने कहा कि अगर पवार साहेब को लगता है कि परिसीमन का मुद्दा सही है और उसे समर्थन दिया जाना चाहिए, तो वे इस पर मदद कर सकते हैं। भुजबल के मुताबिक, शरद पवार किसी भी मुद्दे पर उसके औचित्य और जरूरत को देखकर फैसला करेंगे। उन्होंने एक बार फिर कहा कि शरद पवार का NDA में शामिल होना उन्हें मुश्किल लगता है।
