देश

'राजा-सोनम रघुवंशी जिस दिन लापता हुए, उनके साथ थे तीन पुरुष'; गाइड ने किया चौंकाने वाला दावा

Indore Couple Missing Case: मेघालय के एक पर्यटक गाइड ने शनिवार को दावा किया कि इंदौर से हनीमून मनाने आए नवविवाहित दंपति राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम जिस दिन सोहरा इलाके से लापता हुए, उस दिन उनके साथ तीन पुरुष भी थे। मावलाखैत के एक गाइड अल्बर्ट पडे ने बताया कि वह दंपति को पहचानता है।

Image

राजा-सोनम रघुवंशी लापता मामला (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Indore Couple Missing Case: मेघालय के एक पर्यटक गाइड ने शनिवार को दावा किया कि इंदौर से हनीमून मनाने आए नवविवाहित दंपति राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम जिस दिन सोहरा इलाके से लापता हुए, उस दिन उनके साथ तीन पुरुष भी थे। एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की कि गाइड ने पुलिस को यह जानकारी दी है। सोहरा से 23 मई को लापता हुए राजा का शव दो जून को एक गड्ढे में मिला था जबकि उसकी पत्नी की तलाश जारी है।

मावलाखैत के एक गाइड अल्बर्ट पडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उसने 23 मई को पूर्वाह्न 10 बजे के आसपास नोंग्रियात से मावलाखैत तक 3,000 से अधिक सीढ़ियां चढ़ते हुए इस जोड़े को तीन पुरुष पर्यटकों के साथ देखा था। पडे ने बताया कि वह दंपति को पहचानता है क्योंकि एक दिन पहले उसने नोंग्रियात तक चढ़ने के लिए उन्हें अपनी सेवाएं देने की पेशकश की थी लेकिन उन्होंने विनम्रतापूर्वक मना कर दिया था और एक अन्य गाइड को काम पर रख लिया था।

पडे के मुताबिक, “चार पुरुष आगे चल रहे थे, जबकि महिला पीछे थी। चारों पुरुष हिंदी में बातचीत कर रहे थे, लेकिन मैं समझ नहीं पाया कि वे क्या बोल रहे थे क्योंकि मैं केवल खासी और अंग्रेजी ही जानता हूं।” गाइड ने बताया कि उसने 22 मई को उन्हें नोंग्रियात तक ले जाने के लिए अपनी सेवाएं देने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने भा वानसाई नाम के एक अन्य गाइड को काम पर रख लिया था और ‘शिपारा होमस्टे’ में रात बिताई और अगले दिन बिना गाइड के वापस लौट आए।

गाइड ने दावा किया, “जब तक मैं मावलाखैत पहुंचा, तब तक उनका स्कूटर वहां नहीं था।” पडे ने पुलिस को बयान भी दे दिया है। पुलिस ने बताया कि नवविवाहिता का किराए का स्कूटर मावलाखैत में पार्किंग स्थल से कई किलोमीटर दूर सोहरारिम में मिला था, जिसमें चाबियां भी लगी हुई थीं। इस बीच, सोनम का अब तक पता नहीं चल पाया है लेकिन शिलांग में डेरा डाले हुए उसके भाई गोविंद ने राज्य सरकार पर पर्याप्त प्रयास नहीं करने और उसे मरा मानकर ढूंढ़ने का आरोप लगाया है।

गोविंद ने कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि सोनम जीवित है। वे उसे ऐसे खोज रहे हैं जैसे वह मर चुकी हो।” उन्होंने अधिकारियों से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) या किसी अन्य एजेंसी से मदद लेने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने आश्वासन दिया कि सरकार लापता महिला को खोजने के लिए ‘कोई कसर नहीं छोड़ रही है’। हालांकि, क्षेत्र में अत्यधिक बारिश और कोहरे के कारण दृश्यता केवल कुछ फुट रह गई है, जिससे खोज अभियान प्रभावित हो रहा है। राजा का क्षत-विक्षत शव दो जून को वेइसाडोंग फॉल के पास एक घाटी में मिला था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!