इंडिगो की दिल्ली से गोरखपुर जा रही फ्लाइट 6E 2381 के साथ 19 अगस्त 2026 को लैंडिंग के दौरान टेल इम्पैक्ट की घटना सामने आई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान ने पहले गो-अराउंड किया और इसके बाद सुरक्षित तरीके से गोरखपुर एयरपोर्ट पर लैंड किया। विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित उतर गए।
सूत्रों के मुताबिक, घटना की जानकारी डीजीसीए को निर्धारित मानक प्रक्रिया (SOP) के तहत दे दी गई है। घटना की जांच के लिए डीजीसीए की टीम के गोरखपुर पहुंचने का इंतजार है। फिलहाल जिस विमान में टेल इम्पैक्ट हुआ, उसे ग्राउंडेड कर दिया गया है।
पोस्ट-फ्लाइट जांच में दिखे खरोंच के निशान
इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार, विमान के नियमित पोस्ट-फ्लाइट वॉक-अराउंड के दौरान APU इनलेट के आसपास खरोंच के निशान पाए गए। इसके बाद विमान को मेंटेनेंस के लिए भेज दिया गया है। एयरलाइन ने कहा है कि जरूरी जांच और तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा ऑपरेशन में लगाया जाएगा। इंडिगो ने अपने बयान में कहा कि 19 अगस्त को दिल्ली से गोरखपुर जा रही फ्लाइट 6E 2381 ने सुरक्षा के लिहाज से लैंडिंग के दौरान गो-अराउंड किया था। इसके बाद विमान वापस आया और गोरखपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
क्या होता है टेल स्ट्राइक?
टेल स्ट्राइक (Tail Strike) तब होता है जब विमान के पिछले निचले हिस्से यानी टेल का कोई हिस्सा रनवे से टकरा जाता है, खासकर टेकऑफ या लैंडिंग के दौरान। जब विमान लैंडिंग के दौरान अपनी नाक (Nose) को ज्यादा ऊपर उठा लेता है और विमान का पिछला हिस्सा रनवे के बहुत करीब आ जाता है, तो टेल रनवे को छू सकती है। इसी को टेल स्ट्राइक कहते हैं।
यात्रियों और क्रू सभी सुरक्षित
एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि घटना के बाद विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित रहे। इंडिगो ने कहा कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
