Indian Railways: भारतीय रेलवे भारतीय रेलवे ने रेल सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गुजरात के पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में ‘कवच’ वर्जन 4.0 प्रणाली लगाने के लिए ₹140 करोड़ की परियोजना को मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत 598 रूट किलोमीटर और 48 ब्लॉक सेक्शनों पर स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ स्थापित की जाएगी।
अहमदाबाद मंडल का हो जाएगा कायाकल्प
यह कार्य भारतीय रेलवे के उस व्यापक कार्यक्रम के तहत किया जाएगा, जिसके माध्यम से रेलवे नेटवर्क के शेष मार्गों पर LTE आधारित संचार प्रणाली के साथ कवच तकनीक लागू की जा रही है। अहमदाबाद मंडल में इससे पहले लगभग 702 रूट किलोमीटर पर कवच लगाने की मंजूरी दी जा चुकी है। नई स्वीकृति के बाद मंडल के बाकी हिस्से भी कवच प्रणाली के दायरे में आ जाएंगे, जिससे पूरे मंडल में इस आधुनिक सुरक्षा तकनीक का व्यापक विस्तार संभव होगा।
क्या है कवच?
‘कवच’ भारतीय रेलवे द्वारा विकसित एक स्वदेशी ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (ATP) प्रणाली है। यह ट्रेन के लाल सिग्नल पार करने (SPAD) की घटनाओं को रोकने में मदद करती है। किसी भी असुरक्षित स्थिति में यह स्वतः ब्रेक लगाकर दुर्घटना की आशंका को कम करती है, महत्वपूर्ण स्थानों पर ट्रेन की गति को नियंत्रित करती है और ट्रेनों की टक्कर के जोखिम को काफी हद तक घटाती है।
भारतीय रेलवे अपने नेटवर्क में चरणबद्ध तरीके से कवच प्रणाली का विस्तार कर रहा है। इसका उद्देश्य रेल संचालन को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और विश्वसनीय बनाना है, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल सके।
